फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: एचटेट पर छाया संकट, अब फरवरी के प्रथम सप्ताह में होने की संभावना

Fri, 23 Jan 2026 02:24 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी
विज्ञापन
विज्ञापन
भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) जनवरी में कराए जाने पर संकट छा गया है। अब ये परीक्षा फरवरी के प्रथम सप्ताह में कराए जाने की संभावना है। हालांकि बोर्ड के समक्ष एचटेट तीनों लेवल में दो लाख 33 हजार परीक्षार्थियों के आवेदन हो चुके हैं। ऐसे में लाखों परीक्षार्थियों को अब फरवरी तक इंतजार करना पड़ेगा। इसी के साथ बोर्ड का साल में दो बार एचटेट कराने का वायदा भी फेल हो गया है।
विज्ञापन

हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा 17 और 18 जनवरी को कराए जाने का शेड्यूल तय हुआ था। लेकिन सरकार से मंजूरी नहीं मिलने की वजह से इस शेड्यूल को स्थगित कर फिर जनवरी के अंतिम सप्ताह में नया शेड्यूल जारी किए जाने का दावा बोर्ड अधिकारियों की तरफ से किया गया। लेकिन अब अंतिम सप्ताह में भी एचटेट का संचालन खटाई में पड़ गया है। इसके लिए अब बोर्ड अधिकारी फरवरी के प्रथम सप्ताह में एचटेट का नया शेड्यूल जारी करने का दावा कर रहे हैं।
एचटेट के लिए कुल 2 लाख 33 हजार 251 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। जिनमें से लेवल-1 (पीआरटी) के 41054, लेवल-2 (टीजीटी) के 119120 तथा लेवल-3 (पीजीटी) के 73077 अभ्यर्थी शामिल हैं। वहीं आवेदन करने वालों में हिसार जिले के सबसे अधिक अभ्यर्थी हैं। सबसे कम आवेदन नूंह जिले के अभ्यर्थियों ने किए हैं। बोर्ड अधिकारियों का यह भी दावा है कि एचटेट संचालन के लिए सीसीटीवी कैमरा, बायोमीट्रिक, फ्रिस्किंग, जैमर लगाए जाने संबंधी एजेंसियों का प्रबंध हो चुका है।
विज्ञापन


2026 में दो बार एचटेट कराने की रहेगी चुनौती
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की साल में दो बार एचटेट कराने की घोषणा के चलते 2026 में दो बार एचटेट कराने की चुनौती रहेगी। हालांकि बोर्ड ने पहले जनवरी और फिर नवंबर में दोबारा एचटेट का दावा किया है। लेकिन जनवरी के बजाय अब फरवरी में एचटेट होगा।

हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा फरवरी के प्रथम सप्ताह में करवाए जाने की संभावना है। परीक्षा से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सरकार से मंजूरी मिलने के बाद जल्द ही एचटेट का नया शेड्यूल बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर डाल दिया जाएगा। परीक्षार्थी बेहतर तैयारी रखें।
विज्ञापन

-डॉ पवन कुमार शर्मा, अध्यक्ष, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें