भिवानी। अग्रसेन चौक से नया बस स्टैंड तक दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे 709 ई की फुटपाथ पर झुग्गी झोपड़ी हटवाने के लिए वीरवार दोपहर बाद हाईवे अथॉरिटी के अधिकारी नगर परिषद और पुलिस अमले के साथ पहुंचे। सुबह ही झुग्गी झोपड़ियों से सामान खाली कराने की सूचना दी गई थी, मगर झुग्गी नहीं हटाई गई। नगर परिषद कर्मचारियों ने झुग्गी के बाहर रखे सामान को जब्त करना शुरू किया तो महिलाएं भी विरोध में उतर आईं और कर्मचारियों के हाथों से सामान वापस छीनने की जद्दोजहद में जुट गई। इसके बाद 25 से 30 झुग्गी झोपड़ियों को हटवा दिया गया
पुलिस अमले के साथ हाईवे अथॉर्टी और नगर परिषद कर्मचारियों का दस्ता दो ट्रैक्टर-ट्राॅली लेकर हाईवे की फुटपाथ को खाली कराने पहुंचा। टीम ने झुग्गियों और वहां रखे सामान को समेटना शुरू किया तो कोहराम मच गया। महिलाएं और बच्चे चिल्लाने लगे और देखते ही देखते महिलाओं ने भी हंगामा खड़ा कर दिया। मौके पर मौजूद महिला पुलिस कर्मचारियों ने विरोध के दौरान आक्रामक हुई महिलाओं को शांत करने का प्रयास किया, मगर महिलाओं ने सामान उठाकर जब्त करने के दौरान कर्मचारियों के हाथों से भी सामान छीनने का प्रयास किया। कई जगह तो महिलाओं और बच्चों ने खाट को ही जकड़ लिया, एक तरफ कर्मचारी उसे जब्त करने के लिए जोर आजमाइश कर रहे थे तो दूसरी तरफ उसे बचाने के लिए झुग्गी में रहने वाले लोग अपनी तरफ खींच रहे थे।
300 मीटर दायरे की फुटपाथ पर काबिज हैं 50 से अधिक झोपड़ी
नेशनल हाईवे की फुटपाथ पर करीब 300 मीटर दायरे में ही 50 से अधिक झोपड़ी काबिज हैं। इन झोपड़ियों में रहने वाले लोग लोहे के बर्तनों की बाहर स्टॉल भी लगाकर बिक्री कर रहे हैं। जिसकी वजह से हाईवे की सड़क पर फुटपाथ नहीं बची है। वहीं तेज रफ्तार से आने वाले वाहनों की वजह से यहां हादसों का भी अंदेशा बना है। झोपड़ियों में रह रहे लोग कुत्तों को भी पाल रहे हैं, ये कुत्ते रात के समय दुपहिया वाहन चालकों पर भी लपक रहे हैं, जिससे भी कई लोग चोटिल हो चुके हैं।
कुछ अर्से तक औद्योगिक सेक्टर में रहे, वहां से खदेड़े तो यहां आ डटे
औद्योगिक पुलिस थाना टीम ने इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की मांग पर प्रवासी लोगों की झुग्गियों को औद्योगिक सेक्टर के दायरे से बाहर कर दिया था, जिसके बाद ये हाइवे की फुटपाथ पर आ डटे थे। जबकि कुछ महीने पहले ही हाईवे सड़क निर्माण कार्य की वजह से उन्हें यहां से हटा दिया गया था। अब हाईवे अथॉरिटी यहां बरसाती नाला निर्माण करा रहा है। इस वजह से एक बार फिर इन झुग्गियों को यहां से हटवाने का काम शुरू हुआ है।
हाईवे अथॉरिटी अधिकारियों ने नगर परिषद के साथ मिलकर हाईवे की फुटपाथ पर झुग्गियों को यहां से हटवाया है। पहले भी इन लोगों को यहां से जगह खाली करने की चेतावनी दी गई थी, मगर फिर भी ये लोग यहां से नहीं हटे थे। पुलिस बल के साथ अग्रसेन चौक सब्जी मंडी से लेकर नया बस स्टैंड दायरे में फुटपाथ को खाली कराया जाएगा।
-पुरुषोत्तम दानव, सफाई दरोगा नगर परिषद भिवानी।