भिवानी। गर्मी की बढ़ती तपिश और तेज धूप का असर अब लोगों की त्वचा पर भी दिखाई देने लगा है। जिले में बढ़ते तापमान के बीच पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज में स्किन एलर्जी, फंगल संक्रमण, दाद-खाज, खुजली और फोड़े-फुंसी जैसे चर्म रोगों के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।
मेडिकल कॉलेज में त्वचा रोग विशेषज्ञ की ओपीडी में प्रतिदिन औसतन 150 से 190 मरीज जांच के लिए पहुंच रहे हैं जबकि पहले यह संख्या 70 से 80 के बीच रहती थी। चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. जनश्रुति ने बताया कि गर्मी के मौसम में अधिक पसीना आने के कारण शरीर के कई हिस्सों में नमी बनी रहती है जिससे फंगल संक्रमण और त्वचा संबंधी एलर्जी बढ़ रही हैं। चेहरे पर अधिक तेल आने के कारण लोगों को मुंहासों की समस्या का भी सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि हर वर्ष गर्मी के मौसम में ऐसे मरीजों की संख्या बढ़ जाती है और उमस बढ़ने पर स्थिति और गंभीर हो जाती है।
उन्होंने लोगों को सलाह दी कि दोपहर के समय धूप में निकलने से बचें। पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और धूप में निकलने से पहले सनस्क्रीन क्रीम का प्रयोग करें। बाहर से घर लौटने के बाद शरीर को अच्छी तरह साफ करें। यदि संभव हो तो गर्मी के मौसम में सुबह और शाम स्नान करें। साथ ही लू की चपेट में आने से बचाव करें।
धूप में बिना जरूरी काम के बाहर न निकलें
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रघुबीर शांडिल्य ने कहा कि जिले में इन दिनों तेज गर्म हवा चल रही है। मौजूदा मौसम स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। बिना जरूरी काम के धूप में बाहर निकलने से बचना चाहिए। यदि किसी जरूरी कार्य से बाहर जाना पड़े तो पानी पीकर निकलें और शरीर को पूरी तरह ढककर रखें। उन्होंने बताया कि जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर ओआरएस और आईवी फ्ल्यूड सहित अन्य जरूरी दवाओं का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
गर्म हवा से ऐसे करें बचाव
धूप और लू में बाहर निकलने से बचें
हल्के रंग के ढीले और सूती कपड़े पहनें
पौष्टिक आहार और पेय पदार्थों का सेवन करें
हल्का भोजन करें और कच्चा प्याज खाएं
खानपान में सत्तू और दही शामिल करें
छाछ, नींबू पानी, आम पन्ना और बेल का जूस पीएं
तरबूज, खरबूजा, खीरा और ककड़ी जैसे मौसमी फल खाएं
बच्चों को धूप में खड़े वाहन में अकेला न छोड़ें
कड़ी धूप में अधिक शारीरिक श्रम से बचें
स्किन केयर के लिए अपनाएं ये उपाय
खूब पानी पीएं
नारियल पानी का सेवन करें
नींबू पानी पीएं
सनस्क्रीन का इस्तेमाल करें
हल्के, ढीले और सूती कपड़े पहनें