भिवानी। शहर के करीब चार किलोमीटर दायरे में बने सरकुलर रोड का सुंदरीकरण अब साढ़े सात करोड़ के बजट से किया जाएगा। नगर परिषद ने इस कार्य के लिए कंसल्टेंसी एजेंसी से ड्राइंग तैयार कराई है। फिलहाल एजेंसी रोड के नवीनीकरण और सुंदरीकरण का खाका तैयार कर रही है। इसमें डिवाइडर पर पुराने जर्जर स्ट्रीट पोल हटाकर नई डिजाइनदार स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी जिन पर त्योहार और विशेष अवसरों पर एलईडी लाइटों की जगमगाहट संभव होगी। इसके साथ ही फुटपाथ का काम भी किया जाएगा जिससे अवैध कब्जों से छुटकारा मिलेगा।
नगर परिषद शहर के मुख्य मार्गों के सुंदरीकरण कार्य के साथ सरकुलर रोड के लिए भी पूरी रूपरेखा तैयार कर रही है। कंसल्टेंसी एजेंसी सर्वे कर उन बिंदुओं को चिह्नित करेगी जहां नवीनीकरण और सुंदरीकरण किया जाना है। इसमें पुराने स्ट्रीट पोल और अन्य पुरानी सामग्री को बदलने का कार्य भी शामिल होगा। सरकुलर रोड का अधिकांश हिस्सा पीडब्ल्यूडी और नेशनल हाईवे अथॉरिटी के अंतर्गत आता है। कुछ मार्गों की देखभाल एनएच भिवानी के हिस्से में दी गई है। इसलिए नगर परिषद को नवीनीकरण कार्य शुरू करने से पहले संबंधित स्टेट और नेशनल हाईवे अथॉरिटी से अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
क्षतिग्रस्त डिवाइडर रेलिंग का भी होगा नवीनीकरण
सरकुलर रोड के अधिकांश हिस्से में डिवाइडर पर लगी लोहे की रेलिंग क्षतिग्रस्त या गायब है। कुछ जगहों पर रेलिंग चोरी भी हो चुकी है जिसकी एफआईआर संबंधित पुलिस थानों में दर्ज कराई गई है। सुंदरीकरण के दौरान इन क्षतिग्रस्त रेलिंगों को भी दुरुस्त किया जाएगा।
पौधे भी लगाए जाएंगे
सरकुलर रोड के कुछ हिस्सों में ही नगर परिषद व पीडब्ल्यूडी की ओर से पौधे लगाए गए हैं। अधिकांश डिवाइडर पर कोई हरियाली नहीं है और लोहे की रेलिंग के कारण पौधों के लिए जगह नहीं छोड़ी गई। सुंदरीकरण के दौरान बाकी बचे हिस्सों पर भी पौधे लगाए जाएंगे।
करीब चार दशक पुराने हैं स्ट्रीट पोल
करीब चार दशक पुराने स्ट्रीट पोल जर्जर हैं और कई जगह हादसों में टूट चुके हैं। कुछ पोल ऐसे हैं जो कभी भी गिर सकते हैं और उनके खुले तार बाहर झांक रहे हैं। बावड़ीगेट पर स्ट्रीट पोल के करंट से हुई एक युवक की मौत के बाद भी इन्हें केवल अस्थायी रूप से दुरुस्त किया गया था। नए स्ट्रीट पोल लगने से इस प्रकार के हादसों से बचाव संभव होगा।
नगर परिषद शहर के सरकुलर रोड के सुंदरीकरण का कंसल्टेंसी एजेंसी से सर्वे करा रही है। इसके बाद इसकी ड्रॉइंग तैयार होगी और साढ़े सात करोड़ के बजट से काम शुरू किया जाएगा। इसमें स्ट्रीट पोल, फुटपाथ और डिवाइडर का नवीनीकरण कार्य शामिल होगा। फिलहाल शहर के मुख्य मार्गों का सुंदरीकरण कार्य जारी है। - भवानी प्रताप सिंह, चेयरपर्सन प्रतिनिधि, नगर परिषद भिवानी