भिवानी। चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय में सभी संकायों के प्रथम वर्ष और द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों को अगली कक्षा में प्रमोट करने का निर्णय लिया है। विवि प्रशासन के अनुसार अगर सितंबर में हालात में सामान्य होते हैं तो उनकी परीक्षाएं ली जाएंगी। वहीं सीबीएलयू में तीन नए डिप्लोमा कोर्स शुरू किए जा रहे हैं, जिसका विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। वहीं सभी कक्षाओं के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों की परीक्षाएं जुलाई के दूसरे सप्ताह से शुरू की जाएंगी। उनकी प्रैक्टिकल जुलाई के प्रथम सप्ताह में ली जाएंगी।
कोरोना वायरस के चलते स्कूल और कॉलेज बंद हैं। सीबीएलयू प्रशासन के निर्देशानुसार सभी विभागों में ऑनलाइन असाइनमेंट और सेमिनार की व्यवस्था की गई है। कोरोना वायरस के चलते विश्वविद्यालय प्रशासन अपने विद्यार्थियों के भविष्य को खतरे में नहीं डालना चाहता। इसी कारण विश्वविद्यालय ने सभी संकायों के प्रथम वर्ष और द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों को अगली कक्षा में प्रमोट करने का प्लान बनाया है ताकि परीक्षाओं के दौरान संक्रमण न फैले। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि अगर हालात सामान्य हो जाते हैं तो सितंबर माह में इन कक्षाओं के विद्यार्थियों की परीक्षाएं हो सकती हैं।
नए सत्र से तीन पीजी डिप्लोमा कोर्स शुरू होंगे
इस नए सत्र में विश्वविद्यालय प्रशासन तीन नए कोर्स शुरू कर रहा है। इनमें पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन कंप्यूटर साइंस, पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन जियोलॉजी इनफोर्मेटिक्स और जिम एंड एरोबिक इंस्ट्रक्टर शामिल है। अभी डिप्लोमा इन कंप्यूटर साइंस में 20, डिप्लोमा इन जियोलॉजी इनफोर्मेटिक्स में 20 सीट और जिम एंड एरोबिक इंस्ट्रक्टर में 30 सीट निर्धारित की गई है।
उच्चतर विभाग के निर्देश के बाद शुरू होंगे प्रथम वर्ष में दाखिले
चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय के अंतर्गत भिवानी और चरखी दादरी के 70 कॉलेज आते हैं। कॉलेज में प्रवेश के लिए उच्चतर शिक्षा विभाग निर्देश जारी करेगा। विश्वविद्यालय के अनुसार उच्चतर विभाग के निर्देश आते ही दाखिल प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
स्थापना के महज पांच वर्षों में विश्वविद्यालय ने काफी प्रगति की है और अपनी अलग पहचान बनाई है। इसी कड़ी में नए कोर्स शुरू किए जा रहे हैं। जो विद्यार्थियों के लिए काफी कारगर साबित होंगे। - डॉ. आरके मित्तल, वाइस चांसलर, चौ. बंसीलाल विश्वविद्यालय
विश्वविद्यालय में नए सत्र से तीन नए कोर्स शुरू किए जाएंगे। सरकार के निर्देशानुसार परीक्षाएं करवाई जाएंगी। प्रथम वर्ष और द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों को अलग कक्षाओं में प्रमोट किया जाएगा। हालात सामान्य होते ही सितंबर माह में उनकी परीक्षाएं ली जाएगी।
- डॉ. जितेंद्र भारद्वाज, रजिस्ट्रार सीबीएलयू भिवानी।