जिला-फरीदाबाद व गुरूग्राम के अंकन केन्द्रों का निरीक्षण करते बोर्ड अध्यक्ष डॉ. वीपी यादव।
भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की वार्षिक परीक्षाओं का अंकन कार्य प्रदेशभर में स्थापित 71 अंकन केंद्रों पर सुव्यवस्थित एवं सुचारु रूप से चल रहा है। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. वीपी यादव व उनके उड़नदस्ते लगातार अंकन केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। बोर्ड मुख्यालय पर स्थापित कंट्रोल रूम से बोर्ड के अधिकारी भी मूल्यांकन केंद्रों पर पैनी निगाहें बनाए हुए हैं।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. वीपी यादव ने शनिवार को फरीदाबाद व गुरुग्राम जिले के पटौदी के अंकन केंद्रों का निरीक्षण किया। जहां अंकन कार्य निर्बाध व सुचारु रूप से चल रहा था। उन्होंने अंकन कार्य से संबंधित सभी प्रकार की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। किसी भी केंद्र पर किसी भी प्रकार की खामी नहीं पाई गई। बोर्ड अध्यक्ष ने जिला फरीदाबाद के डबुआ काॅलोनी स्थित एक निजी विद्यालय के अंकन केंद्र पर निरीक्षण के दौरान कुछ बिस्कुट ओर टॉफी के रैपर्स देखे, तो उन्होंने बच्चों, शिक्षकों और समाज के समक्ष उदाहरण प्रस्तुत कर स्वयं कचरा उठाकर सफाई का भी संदेश दिया। बोर्ड अध्यक्ष ने सभी परीक्षकों को अंकन संबंधी कार्य के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि बोर्ड मुख्यालय पर स्थापित कंट्रोल रूम से भी बोर्ड के अधिकारियों द्वारा अंकन केंद्रों की निरंतर निगरानी की जा रही है तथा उप-सचिव एवं सहायक सचिव स्तर के अधिकारियों के विशेष उड़नदस्ते द्वारा निरीक्षण भी किया जा रहा है। डॉ. यादव ने बताया कि प्रत्येक मूल्यांकन केंद्र पर बोर्ड से एक-एक अधिकारी, कर्मचारी को ऑब्जर्वर के रूप में पूरे समय के लिए नियुक्त किया है, ताकि केंद्र पर व्यवस्था बनी रहे और अध्यापकों को मूल्यांकन कार्य में परेशानी का सामना न करना पड़े। बोर्ड ऑब्जर्वर मूल्यांकन केंद्र के नियंत्रक के साथ मिलकर केंद्रों पर व्यवस्था बनाए हुए हैं। यदि किसी केंद्र से किसी भी प्रकार की समस्या के बारे में सूचना प्राप्त होती है तो उसका बोर्ड कार्यालय द्वारा गठित विशेष उड़नदस्ते द्वारा तुरंत प्रभाव से निवारण किया जाता है। बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि मूल्यांकन कार्य के लिए नियुक्त परीक्षकों के सामने आ रही सभी समस्याओं का तुरंत निदान किया जा रहा है। मूल्यांकन की शुचिता बनी रहे इसको लेकर शिक्षा विभाग व बोर्ड ने कमर कस रखी है।