चांग में नहर से लाया गया जोहड़ में पानी।
भिवानी। पढ़ी-लिखी ग्राम पंचायतों की वजह से गांवों की सूरत बदल रही है। ताजा मामला गांव चांग का है, जहां महिला सरपंच सुदेश रानी व उनके पति प्रदीप रंगा के प्रयास से नहर से जोहड़ तक पाइप लाइन डाली गई है। इससे नहर से जोहड़ तक स्वच्छ पानी की धारा फूट पड़ी है। ग्राम पंचायत ने अपने खर्च पर 1200 मीटर लंबी पाइप लाइन डालकर जोहड़ तक नहर का स्वच्छ पानी लाने का भागीरथ प्रयास किया है। जिसके बाद अब जोहड़ में हर मौसम में पशुओं के लिए स्वच्छ पानी का प्रबंध रहेगा वहीं आसपास का पर्यावरण में भी सुधार आएगा।
चांग करीब 20 हजार की आबादी वाला बड़ा गांव है जिसे महाग्राम योजना में भी शामिल किया गया है। गांव में महिला सरपंच सुदेश रानी एमए बीएड तक पढ़ी हैं। वहीं उनके पति प्रदीप रंगा एमएससी बॉटनी और एमएड के बाद अब पीएचडी कर रहे हैं। पढ़े-लिखे होने के कारण दोनों गांव के विकास की सोच को आगे बढ़ा रहे हैं। गांव में संत आश्रम के पास चाचीसर जोहड़ का हाल ही में पंचायती राज विभाग की ओर से नवीनीकरण का काम कराया गया था। जोहड़ में मिट्टी छंटाई के कार्य के साथ-साथ बाहर टहलने के लिए पगडंडी भी तैयार कराई गई है। यही नहीं, इसमें ग्राम पंचायत के प्रयास से 1200 मीटर पाइप लाइन डालकर नहर से स्वच्छ पानी की व्यवस्था कराई गई है। इससे गांव के पालतु पशुओं के अलावा घुमंतू पशुओं के लिए भी हर मौसम में पीने का स्वच्छ पानी मिलेगा। वहीं ये जोहड़ गांव में भ्रमण लायक बन गया है।
फोटो: 17
मेरी पत्नी सुदेश रानी गांव की पढ़ी लिखी महिला सरपंच हैं। मेरे पिता समाजसेवी बिरजलाल उर्फ बिरजू से मुझे गांव के विकास की प्रेरणा मिली है। सकारात्मक सोच के कारण विकास के मामले में गांव की सूरत बदलने में लगी है। गांव के चाचीसर जोहड़ को नहर से भूमिगत पाइप लाइन से जोड़ा गया है। जिसके बाद हर मौसम में गांव के पशुओं के लिए स्वच्छ पानी मिलेगा। - प्रदीप रंगा, सरपंच प्रतिनिधि, चांग
-
फोटो: 16
गांव में अनेक विकास के काम कराए गए हैं, सभी कार्यों में ग्रामीणों का पूरा योगदान रहा है। मेरा परिवार और मैं खुद गांव में सार्वजनिक कार्यों में रुचि लेकर विकास करा रहे हैं। ग्राम पंचायत के सदस्य भी एकमत से विकास कार्यों में भरपूर सहयोग दे रहे हैं। चाचीसर जोहड़ गांव का प्राचीन जोहड़ है जिसके अंदर नहर का स्वच्छ पानी का प्रबंध ग्राम पंचायत के सहयोग से कराया गया है।
-सुदेश रानी, सरपंच, चांग
-