भिवानी। स्वदेशी जागरण मंच द्वारा निकाली गई 5 दिवसीय स्वदेशी संकल्प यात्रा रविवार को घंटाघर चौक पर पहुंची। यात्रा के समापन कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि घनश्याम दास सर्राफ ने शिरकत की। उनके साथ टीटू घंटाघर व सतीश वैद भी मौजूद रहे। इस मौके पर विधायक घनश्याम सर्राफ ने कहा कि स्वदेशी अपनाना हमारे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का सबसे प्रभावी तरीका है।
यात्रा शहर के सराय चौपटा, बिचला बाजार, बिजली घर रोड होते हुए जैन चौक पहुंची, जहां पर यात्रा का समापन किया गया। इस दौरान सराय चौपटा में सराय चौपटा मार्केट प्रधान रितेश मित्तल सहित अन्य व्यापारियों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। विधायक घनश्याम सर्राफ ने लोगों से अपील की कि वे अपने दैनिक जीवन में स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि जब हम स्वदेशी उत्पादों को अपनाते है तो स्थानीय व्यवसायों को बढ़ावा मिलता है, जिससे देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी संकल्प यात्रा जैसे कार्यक्रम स्वदेशी आंदोलन की भावना को और भी मजबूत करने की दिशा में कार्य करते है।
स्वदेशी जागरण मंच के संयोजक अमित बंसल मुंढालिया ने बताया कि यह यात्रा 23 सितंबर को शुरू की गई थी। यात्रा ने जिले के सभी गांवों और कस्बों का भ्रमण करते हुए लोगों को स्वदेशी अपनाने का संदेश दिया। इस मौके पर गोरक्षा दल भिवानी के प्रधान संजय परमार ने कहा कि प्रत्येक जन को चाहिए कि वह गोवंश की सेवा को बढ़ावा देकर स्वदेशी उत्पादों को अपनाएं, ताकि राष्ट्र परम वैभव की तरफ जा सकें। इस अवसर पर सुनीता भत्तरवाल, धीरज सोनी, राजीव मित्तल, विनय सिंघल, विजय स्नेजा, रोहित डुडेजा मौजूद रहे।