भिवानी। गांव बीरण स्थित पीएचसी चिकित्सक डॉ. महिमा एवं ग्रामीणों के बीच चल रहा विवाद आखिरकार समाप्त हो गया। ग्रामीणों की ओर से डॉ. महिमा पर तानाशाही व गैर जिम्मेदाराना रवैया अपनाने का आरोप लगाकर बीते तीन दिनों से गांव बीरण पीएचसी के समक्ष धरना दिया जा रहा था।
ग्रामीणों का आरोप था कि डॉ. का व्यवहार आमजन के प्रति सही नहीं है तथा वे अपने पद का दुरुपयोग करती है। इस मामले में सोमवार को भिवानी के चौ. बंसीलाल नागरिक अस्पताल के उप सिविल सर्जन डॉ. आशीष सांगवान, सीएचसी तोशाम से एसएमओ डॉ. शैलेजा, पीएचसी बीरण से डॉ. मोनिका, भिवानी से स्वास्थ्य निरीक्षक जगदीश जांगड़ा, पीएचसी बीरण से स्वास्थ्य निरीक्षक हरिनिवास की टीम पहुंची तथा दोनों पक्षों का सुलहनामा करवाया। इस दौरान गांव के सरपंच सुल्तान सिंह, पूर्व सरपंच ताराचंद सहित अन्य ग्रामीणों की मौजूदगी में पीएचसी चिकित्सक डॉ. महिमा व अन्य स्टाफ सदस्यों ने अपनी गलती मानते हुए भविष्य में इस प्रकार का व्यवहार न किए जाने का आश्वासन दिया।
सोहांसरा में बाड़े मेंं बंधी भैंस चोरी
लोहारू। रविवार रात गांव सोहांसरा में चोर पशुपालक बलजीत नागर की भैंस चोरी कर ले गए। वारदात की सूचना मिलते ही रात को पीड़ित ने इसकी शिकायत डायल 112 टीम को दी। सोहांसरा निवासी बलजीत नागर ने अपनी भैंस हमेशा की तरह घर के सामने ही बाड़े में बांध रखी थी। देर रात को बाड़े में कटड़े की आवाजें सुनाई दीं, जैसे ही जाकर देखा तो भैंस नहीं मिली। इसके बाद सूचना डायल 112 टीम को दी गई। बलवान सिंह, संतोष भारद्वाज ने बताया कि गांव के फिरनी की अनेक स्ट्रीट लाइटें भी काफी दिनों से ठप पड़ी हैं, ऐसे में चोरी की घटनाओं की आशंका हमेशा बनी रहती है। इसके अलावा ग्रामीणों ने गांव में सुरक्षा के दृष्टिकोण से दो से तीन सिपाहियों की नियमित तैनाती किए जाने की भी मांग की है।