ढाबढाणी गांव में बस चलाने की मांग को लेकर नारेबाजी करते विद्यार्थी व ग्रामीण।
- फोटो : Bhiwani
ग्रामीण रूट पर रोडवेज बसों की मांग को लेकर सोमवार सुबह सात बजे गांव ढाबढाणी के बस स्टैंड पर कॉलेज विद्यार्थियों ने पोहकरवास से इंदीवाली मार्ग पर जाम लगा दिया। इस ग्रामीण रूट पर केवल एक ही रोडवेज बस चलाई जा रही है, जबकि विद्यार्थियों के लिए इस रूट पर दूसरी रोडवेज बस चलाए जाने की मांग की जा रही है। जाम में करीब एक घंटे तक रोडवेज बस भी फंसी रही, जिसमें ग्रामीण इलाके से शहर आने वाले यात्री भी परेशान हुए। वहीं कॉलेज विद्यार्थियों द्वारा रोडवेज बस रोककर सड़क पर जाम लगाने की सूचना डिपो महाप्रबंधक को भी दी गई। जाम लगाने वाले विद्यार्थियों ने दूसरी बस लगाए जाने की मांग को लेकर नारेबाजी की।
पोहकरवास से इंदीवाली मार्ग पर ढाबढाणी बस स्टैंड पर जाम लगाने वाले विद्यार्थी राकेश, कुलदीप, अरविंद, अनुप, सोमबीर, बिजेंद्र ने बताया कि ढिगावा सुबह साढ़े छह बजे गांव लाडियावाली, इंद्रीवाली, बिजलानावास, ढाबढाणी, लालावास, पोहकरवास होते हुए सुबह साढ़े आठ बजे तक भिवानी पहुंचती है। छात्रों का मांग है कि इस ग्रामीण रूट पर इस बस के अलावा एक दूसरी बस सुबह आठ बजे भी चलाई जाए, ताकि कॉलेज जाने वाले विद्यार्थी भी शहर कॉलेज में समय पर पहुंच सके। छात्रों का कहना है कि इस मांग की बाबत रोडवेज डिपो महाप्रबंधक को भी मांग पत्र सौंपा जा चुका है। मगर रोडवेज विभाग द्वारा इस रूट पर दूसरी बस नहीं लगाई गई है। एक ही बस के चलते कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों की अच्छी खासी भीड़ हो जाती है, जिससे खासकर छात्राओं को सफर के दौरान परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उनका कहना है कि कॉलेज छात्र रोडवेज विभाग से बस पास बनवा रहे हैं, लेकिन ग्रामीण रूट पर समय पर बस नहीं चलने की वजह से उन्हें पैसे देकर प्राइवेट वाहनों में सफर करना पड़ता है। सुबह साढ़े छह बजे के बाद इस रूट पर कोई भी रोडवेज बस नहीं आती है। ऐसे में विद्यार्थियों के साथ ग्रामीणों को भी खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। छात्र भिवानी पहुंचने के लिए पहले देवराला, पोहकरवास तक जाना पड़ता है, जिससे छात्र कॉलेज भी समय पर नहीं पहुंच पाते। रोडवेज बस विद्यार्थियों की वजह से करीबन एक घंटे तक खड़ी रही, वहीं अन्य वाहन भी जाम में फंस गए। रोडवेज बस के चालक और परिचालक ने विद्यार्थियों द्वारा रोडवेज बस रोके जाने की सूचना डिपो अधिकारियों को दी, जिसके बाद फोन पर डिपो महाप्रबंधक द्वारा जाम लगा रहे विद्यार्थियों से बात कराई गई, जिस पर डिपो महाप्रबंधक ने विद्यार्थियों को मंगलवार से इस रूट पर दूसरी बस लगाए जाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद ही करीबन एक घंटे बाद विद्यार्थियों ने सड़क से जाम खोला और रोडवेज बस को जाने दिया।