भिवानी। नव नियुक्त उपायुक्त साहिल गुप्ता ने वीरवार को जिला मुख्यालय स्थित लघु सचिवालय के डीआरडीए सभागार में आयोजित समाधान शिविर में पहली बार नागरिकों की समस्याएं सुनीं।
उन्होंने फरियादी को अपने पास बैठाया और अधिकारियों को सख्त लहजे में समझाया कि शिविर में उपस्थित रहकर जनता की समस्याओं का समाधान करें। काम में किसी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं होगी।
डीसी गुप्ता ने विभागीय अधिकारियों को गैरहाजिर रहने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। डीसी ने क्रीड के कर्मचारियों को वीसी हॉल में बैठाकर विभिन्न समस्याओं का तत्काल समाधान करवाया और परिवार पहचान पत्र और पेंशन से संबंधित मामलों को शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए।
इसके अलावा डीसी गुप्ता ने बिजली पोल हटवाने, पेयजल और अतिक्रमण से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। डीसी ने सिटी स्टेशन की ओर जाने वाली सड़क के बीच से बिजली का खंभा हटवाने और कच्ची सड़क के जल्द निर्माण के लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण को कहा।