भिवानी। बैंक कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति के पास निगम ने 264897 राशि का बकाया बिजली बिल भुगतान का नोटिस भेज दिया। उपभोक्ता का कहना है कि उसने 1991 से लेकर अब तक सभी बिजली बिलों का नियमित भुगतान किया है। इसके दस्तावेज भी उसके पास मौजूद हैं, लेकिन निगम अधिकारी दस्तावेज प्रस्तुत किए जाने के बाद भी उसे बकाया जमा कराने के नोटिस पर नोटिस भेज उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। इसकी शिकायत भी उसने प्रदेश के बिजली मंत्री को दी है। बिजली मंत्री ने पीड़ित की शिकायत पर निगम सर्कल महाप्रबंधक को जांच के आदेश दिए हैं।
बैंक कॉलोनी निवासी सूरजभान ने बताया कि उसका मकान मिनी बाईपास रोड पर है। उसने बताया कि 1991 में उसने निगम से नया बिजली कनेक्शन लिया था। जिस पर उसको मीटर जारी किया गया था। इसके बाद वह बिजली बिलों का नियमित भुगतान करता रहा। बाद में निगम ने उसका ग्रुप बदल दिया और उसका नया मीटर क्रमांक जारी कर दिया। इसके बाद भी वह बिजली बिलों का भुगतान करता आ रहा है। निगम ने अब उसे 264897 रिकवरी का नोटिस भेज दिया। जिसे देखकर वह हैरान रह गया। उसने बताया कि उसका कोई भी बिजली बिल बकाया नहीं है, लेकिन इसके बावजूद इस राशि को बकाया बताया जा रहा है। जिस पर वह अपने भुगतान किए गए बिलों की रसीदें व दस्तावेज लेकर निगम कार्यालय भी पहुंचा। मगर अधिकारियों ने इसके बाद भी उसे नोटिस भेजना बंद नहीं किया। उसने बताया कि उसके बेटे आशीष ने 2010 में निगम से कोई बकाया नहीं है इसका प्रमाण पत्र भी लिया हुआ है। उसने मामले की शिकायत बिजली मंत्री को दी है। जिसमें निगम अधिकारियों पर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने व बकाया राशि भुगतान के नोटिस भेजे जाने पर कार्रवाई की मांग की है। बिजली मंत्री ने पीड़ित की शिकायत पर भिवानी सर्कल के महाप्रबंधक को जांच के आदेश दिए हैं।