कैरू (भिवानी)। जिले के गांव धारवानवास में नशे की ओवरडोज की वजह से एक युवक की हालत बिगड़ गई। इसे परिजन जिला नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इसकी सूचना कैरू पुलिस चौकी में दी गई। पुलिस ने शव का जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। वहीं, इस संबंध में मृतक के पिता के बयान दर्ज कर इत्तफाकिया मौत मामले में कार्रवाई की गई है।
गांव धारवानवास निवासी अजय (24) नशा करने का आदी था। परिजन उसे कई बार नशा मुक्ति केंद्र में ले जाकर नशा छुड़वाने के लिए छोड़ चुके थे, लेकिन बाहर आने के बाद वह फिर से नशा करने लगता था। शुक्रवार को नशे की ओवरडोज की वजह से अजय की हालत बिगड़ गई। जिसे परिजन जिला नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद मृत घोषित कर दिया। कैरू पुलिस चौकी के जांच अधिकारी एएसआई धर्मेंद्र देव ने बताया कि मृतक दो भाई थे। पिता के बयान दर्ज कर इस संबंध में इत्तफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की गई है। संवाद