लोहारू एसडीएम को ज्ञापन सौंपते किसान।
लोहारू। राजस्व विभाग का ऑनलाइन पोर्टल पिछले करीब एक सप्ताह से बंद होने के कारण किसानों, ग्रामीणों और आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इंतकाल, केसीसी, रजिस्ट्री और अन्य राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित होने पर क्षेत्र के किसानों और सामाजिक प्रतिनिधियों ने लोहारू एसडीएम को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर पोर्टल को जल्द सुचारु करने की मांग उठाई।
ज्ञापन में बताया गया कि राजस्व विभाग से संबंधित इंतकाल, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), जमीन की रजिस्ट्री, रिकॉर्ड अपडेट और अन्य महत्वपूर्ण कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गए हैं। इसके चलते किसानों को बैंकिंग कार्य, भूमि संबंधी दस्तावेजों की प्रक्रिया और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाई हो रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि पोर्टल बंद होने के कारण प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग तहसीलों और संबंधित कार्यालयों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। विभागीय कर्मचारियों की ओर से यह कहकर वापस भेज दिया जाता है कि पोर्टल कब तक शुरू होगा इसका कोई निश्चित समय तय नहीं है। इससे लोगों का समय, पैसा और श्रम तीनों बर्बाद हो रहे हैं।
किसानों ने कहा कि पोर्टल बंद रहने से उन्हें आर्थिक और प्रशासनिक दोनों तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई लोगों के रजिस्ट्री और इंतकाल संबंधी कार्य लंबित पड़े हैं जिससे उनकी योजनाएं भी प्रभावित हो रही हैं। किसानों और सामाजिक प्रतिनिधियों ने हरियाणा सरकार और संबंधित विभाग से पोर्टल की तकनीकी खामियों को जल्द दूर कर इसे शीघ्र प्रभाव से सुचारु करने की मांग की ताकि आमजन और किसानों को राहत मिल सके तथा सरकारी कार्यों में पारदर्शिता और गति बनी रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मास्टर उमराव सिंह राही ने की। इस मौके पर नरेंद्र फरटिया, बलवान, महावीर पूनिया, विजय गुरावा, देवी दयाल और सुमेर सिंह मौजूद रहे।