भिवानी। हरियाणा राज्य विधिक सेवाएं प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) भिवानी के सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) पवन कुमार ने नशा मुक्ति केंद्र का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य, उपचार और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
सीजेएम पवन कुमार ने मरीजों से चिकित्सा सुविधाओं को लेकर फीडबैक लिया और केंद्र में साफ-सफाई, उपचार व्यवस्था, मरीजों के लिए उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उनकी जरूरतों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान सीजेएम ने मरीजों को उनके कानूनी अधिकारों और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से उपलब्ध निशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशे की लत से मुक्ति के लिए उपचार के साथ परिवार और समाज का सहयोग भी जरूरी है। उन्होंने मरीजों का मनोबल बढ़ाते हुए स्वस्थ और नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया।
यह निरीक्षण जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) भिवानी डॉ. गगनदीप कौर सिंह के मार्गदर्शन में किया गया।