गांव दुर्जनपुर में ड्रेन में फिसली गाड़ी को निकालते ग्रामीण।
बवानीखेड़ा। बारिश के कारण ओवरफ्लो हुई ड्रेन में एक युवक की गाड़ी फिसलकर गिर गई। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए चालक की जान बचा ली। हादसा शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे दुर्जनपुर गांव में हुआ जहां बरसाती पानी से ड्रेन उफान पर थी और आसपास के खेतों में जलभराव की स्थिति बन गई थी।
दुर्जनपुर निवासी सुनील खेत से कस्सी व अन्य उपकरण लाने के लिए अपने वाहन में सवार होकर खेत की ओर गया था। कुंगड़ से पूठी तक जाने वाली ड्रेन पूरी तरह से ओवरफ्लो हो चुकी थी। ड्रेन के किनारे से गुजरते समय वाहन का संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी ड्रेन में जा गिरी।
सरपंच प्रतिनिधि प्रदीप चाहर ने बताया कि ड्रेन के साथ लगे खेत में सुनील औजार लेने गया था। वह गाड़ी को खेत में करीब 40 फीट अंदर तक ले गया था लेकिन ड्रेन की ओर फिसलन होने के कारण गाड़ी अनियंत्रित होकर सीधे पानी में गिर गई। चालक ने वाहन को संभालने की पूरी कोशिश की लेकिन गाड़ी ड्रेन में समा गई।
ग्रामीणों ने लटककर बचाई जान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही गाड़ी फिसली मौके पर मौजूद कुछ ग्रामीण मदद के लिए लपके और गाड़ी के पीछे लटक गए। उन्होंने समय रहते सुनील को बाहर खींच लिया जिससे उसकी जान बच गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सरपंच प्रतिनिधि प्रदीप चाहर ने बताया कि लगातार बारिश के चलते गांव में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। उन्होंने प्रशासन से ड्रेन की सफाई और जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं रोकी जा सकें।