चार दिन पहले चचेरे भाई की शादी में नाच रहे 12वीं के छात्र का शव रविवार सुबह राजस्थान के सीकर जिले में एक कमरे में पंखे से लटकता मिला। छात्र की मौत की सूचना से शादी की खुशियां मातम में बदल गई। पूरा परिवार सदमे में है। यह सब हुआ ईशरवाल वासी दलबीर के परिवार के साथ। सीकर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
ईशरवाल वासी दलबीर सिंह दो बेटों में छोटा शक्ति राजस्थान के सीकर जिले के नवजीवन पब्लिक स्कूल में 12वीं का छात्र था। साइंस की पढ़ाई कर रहा शक्ति अपने चचेरे भाई विपिन की शादी में कुछ दिन पहले घर आया था। शादी 12 नवंबर को थी। शादी में खूब नाच-गाना भी किया। शक्ति तीन दिन पहले ही वापस सीकर लौट गया। रविवार दोपहर घर सूचना आई कि शक्ति का शव कमरे में पंखे से लटका हुआ है।
इससे पूरे परिवार पर गमोें का पहाड़ टूट गया। परिजन सीकर पहुंचे। परिजनों के अनुसार शक्ति स्कूल कैंपस के बाहर किराये पर कमरा लेकर रहता था। नवजीवन पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय से मिली जानकारी के अनुसार शक्ति पिछले 5-6 रोज से स्कूल नहीं आया था। परिजनों के अनुसार शक्ति का बड़ा भाई अंकित भी राजस्थान के कोटा में पढ़ाई कर रहा है।
अंदर से बंद कमरे में पंखे से लटका मिला शव
शक्ति का कमरा अंदर से बंद था। सीकर पुलिस ने कमरा खोलने के दौरान वीडियोग्राफी करवाई जो परिजनों को दिखाई गई। कमरा खोलने पर शक्ति का शव पंखे से लटकता पाया गया। पुलिस शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई में जुट गई थी।