विस चुनाव में करारी शिकस्त के बाद अब तक चुप्पी साधी कांग्रेस ने सरकार पर हल्ला बोल दिया है। प्रदेश में खाद-बीज के संकट और फसल के गिरते दामों पर भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए विधायक दल की नेता किरण चौधरी ने रविवार को तीखा कटाक्ष किया। कहा कि ‘पूत के पांव पालने में ही दिखने लगे हैं।’ मगर कांग्रेस हरियाणा में किसानों को आत्महत्या नहीं करने देगी।
अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में किरण ने सशक्त व सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाने का दावा करते हुए कहा कि हम सरकार को जनहित के काम करने के लिए मजबूर करेंगे। चुनाव में सरकार ने जनता से जो वादे किए थे, उसे हर हाल में लागू करना होगा।
कहा कि केंद्र और प्रदेश दोनों में भाजपा की सरकार है। मगर किसानाें को खाद-बीज भी नहीं मिल रहा। धान-कपास के सही दाम नहीं मिल रहे। किसान संगठन सरकार को चेतावनी देने लगे हैं। 6 माह की केंद्र और 1 माह की प्रदेश सरकार के दावों की सच्चाई सामने आने लगी है।
मजदूरों के लिए सरकार नीति बनाने की बात कह रही है, जो अहितकर है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल उत्पादों को लेकर जिस तरह की नीति बनाई जा रही है, वह भी घातक है। बुढ़ापा पेंशन के नाम पर भी बुजुर्गों के साथ छल हुआ है। वे जनता के बीच जाकर सरकार की वायदा खिलाफी को उजागर करेंगी, मगर उससे पहले सरकार को समय दिया जा रहा है।
प्रदेशाध्यक्ष के साथ जिलावार करेंगे बैठक
कांग्रेस की हार के कारणों पर किरण ने कहा कि अब वो चैप्टर क्लोज हो चुका है। उन्होंने खुद को सकारात्मक सोच वाली महिला करार देते हुए कहा कि हार की बीमारी खोज ली गई है। उसके बाद ही हम आए हैं। प्रदेशाध्यक्ष के साथ वह अब जिलावार बैठकें आयोजित कर मंथन करेंगे व कांग्रेस को मजबूत करेंगे। 29 नवंबर को उनका अभिनंदन किया जाएगा व इसके बाद बैठकें शुरू होंगी।
शीघ्र खानक चालू कराए सरकार
किरण ने सरकार से खानक में शीघ्र खनन शुरू कराने की मांग की है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस सरकार ने ही इस सम्बन्ध में सारी कार्रवाई पूरी कर दी थी। इसे चुनाव से पहले ही शुरू होना था, लेकिन आचार संहिता के कारण रोक लग गई थी। अब सरकार को सिर्फ कुछ औपचारिकताएं कर खनन शुरू कराना है। कांग्रेस के प्रस्ताव के तहत एचआरडीसी के जरिये शीघ्र खनन शुरू किया जाए। इससे 40 हजार से अधिक आबादी प्रभावित है।