भिवानी। हनुमान गेट क्षेत्र निवासी नगर परिषद के सफाई कर्मचारी की संदिग्ध मौत मामले में बुधवार को जिला नागरिक अस्पताल में शव का चिकित्सकों के बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने मृतक के बेटे के बयान दर्ज किए हैं, जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही इस मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
शहर थाना पुलिस को दिए बयान में हनुमान गेट क्षेत्र निवासी गौरव ने बताया कि उसकी माता की कुछ साल पहले मौत हो चुकी है जबकि उसके पिता अमरनाथ (48) नगर परिषद में बतौर सफाई कर्मचारी तैनात थे। गत चार जून को उसके पिता से कुछ लोगों ने करीब ढाई हजार रुपये की नकदी छीन ली थी। इसके बाद उसके पिता से कहासुनी हुई तो दो आरोपी महिलाओं सहित चार लोगों ने उसके पिता को जबरन अपने घर के अंदर ले जाकर बेरहमी से पीटा। आसपास के लोगों ने ही उसके पिता को आरोपियों के चंगुल से छुड़वाया था। इसके बाद मंगलवार को उसके पिता की चोटों की वजह से अचानक मौत हो गई। जैन पुलिस चौकी ने शव को कब्जे में लेकर बुधवार को शव का चिकित्सकों के बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया। वहीं मृतक के बेटे गौरव ने उसके पिता की हत्या का आरोप लगाया है और आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शव का जिला नागरिक अस्पताल में चिकित्सकों के बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई करेगी, फिलहाल शव परिजनों को सौंप दिया है। मृतक के परिजन झगड़े में लगी चोटों की वजह से मौत की वजह बता कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं।
-पीएसआई पवन कुमार, इंचार्ज, जैन पुलिस चौकी भिवानी।