भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चांग-1 की परीक्षा रद्द कर दी है। प्रदेशभर में नकल के 27 मामले दर्ज किए हैं। परीक्षा के दौरान कार्य के प्रति लापरवाही बरतने के आरोप में तीन पर्यवेक्षकों को कार्यमुक्त कर दिया गया है।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ. मुनीश नागपाल ने बताया कि परीक्षा केंद्र राकवमावि चांग-1 में निरीक्षण के दौरान सभी ऐच्छिक विषयों के वस्तुनिष्ठ प्रश्न पेपर पर ही लिखे होने के कारण सभी विषयों की परीक्षा रद्द कर दी गई। बाढड़ा (चरखी-दादरी) की ओर से परीक्षा केंद्र रावमावि चंदेनी में नियुक्त पर्यवेक्षक रामपाल, जेबीटी, बाढड़ा एवं सतेंद्र पीजीटी भूगोल को सामूहिक नकल करवाने एवं डयूटी में कोताही बरतने के कारण हटा दिया है।
इसके अतिरिक्त उप-मंडल प्रश्नपत्र उड़नदस्ता नारनौद (हिसार) की ओर से परीक्षा केंद्र नारनौद-06(बी-1) टैगोर वमावि से पर्यवेक्षक दिनेश कुमार, टीजीटी ड्राइंग को कार्यभार मुक्त किया। उनके खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए लिख दिया है। वहीं, बुधवार को परीक्षा में 2,16,533 और सीनियर सेेकेंडरी की परीक्षा में 1,561 परीक्षार्थी एवं डीएलएड (री-अपीयर/मर्सी चांस) की परीक्षा में 329 छात्र-अध्यापक शामिल हुए।