भिवानी। शहर के माल रोड और हांसी रोड के नवीनीकरण के लिए नगर परिषद ने तैयारी पूरी कर ली है। करीब सवा पांच करोड़ रुपये के बजट से माल रोड और ढाई करोड़ रुपये की लागत से हांसी रोड का नवीनीकरण कार्य इस सप्ताह शुरू हो जाएगा। इन कार्यों के टेंडर की प्रक्रिया लंबे समय से चल रही थी, जिसके बाद वर्क ऑर्डर भी नगर परिषद ने जारी कर दिए हैं। हिसार और रोहतक की एजेंसियां इन मुख्य मार्गों के नवीनीकरण और सुंदरीकरण का कार्य करेंगी।
माल रोड का निर्माण बड़े शहरों की तर्ज पर किया जाएगा, जिसमें सराय चौपटा से लेकर घंटाघर और रेलवे जंक्शन तक का क्षेत्र शामिल है। इस कार्य में सड़क के दोनों किनारों पर फुटपाथों का नवीनीकरण, डिवाइडर पर विक्टोरिया लैंप लाइटें लगाना और डिवाइडर पर पौधे लगाना शामिल है। नगर परिषद ने इस प्रोजेक्ट का ब्ल्यूप्रिंट भी तैयार कर लिया है, जो शहर की सुंदरता और सुविधाओं को बढ़ाने में मदद करेगा।
भिवानी नगर परिषद का है ड्रीम प्रोजेक्ट
भिवानी नगर परिषद ने शहर के माल रोड को ड्रीम प्रोजेक्ट के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया है। इसके लिए नगर परिषद ने एक विस्तृत मैप तैयार किया है, जिसके अनुसार सराय चौपटा क्षेत्र से लेकर घंटाघर रेलवे रोड तक करीब पौना किलोमीटर का दायरा पूरी तरह से चकाचक होगा। इस प्रोजेक्ट के तहत सड़क के दोनों किनारों पर नए सिरे से टाइल्स से फुटपाथ बनाए जाएंगे, और बाजार में आने वालों के लिए बैठने की कुर्सियों की व्यवस्था की जाएगी।
डिवाइडर पर लगेंगी विक्टोरियन लैंप लाइटें
इसके अलावा पानी की निकासी की उचित व्यवस्था के साथ-साथ पौधों के लिए निर्धारित स्थान बनाए जाएंगे। बाजार में स्ट्रीट लाइट सिस्टम को नए सिरे से स्थापित किया जाएगा। डिवाइडर पर विक्टोरियन लैंप लाइटें लगेंगी। इसके अलावा, बाजार में वाहनों की पार्किंग के लिए भी विशेष स्थान निर्धारित किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट का शहरवासी लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं।
अतिक्रमण व कब्जे हटाना होगा बड़ी चुनाैती
भिवानी के रेलवे जंक्शन से लेकर घंटाघर और सराय चौपटा तक के फुटपाथ पर स्थायी और अस्थायी रूप से अतिक्रमण किया गया है। इनमें रेहड़ी, खोखा, और खोमचा लगाकर रोजी-रोटी चलाने वाले लोग शामिल हैं। वहीं कई दुकानदारों ने फुटपाथ पर अस्थायी स्टॉल लगाकर कब्जा जमा रखा है। माल रोड के निर्माण के दौरान इन कब्जों को हटवाना नगर परिषद अधिकारियों के लिए एक बड़ी चुनौती होगी।
त्योहारी सीजन के दौरान ही नगर परिषद का दस्ता ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर अतिक्रमण हटाने की कोशिश करता है, लेकिन कुछ ही घंटों बाद दुकानदार फिर से फुटपाथ पर कब्जा कर लेते हैं। माल रोड के निर्माण में किए गए बदलावों के तहत, फुटपाथ को पूरी तरह से खाली करना जरूरी हो गया है। इस दौरान दुकानदारों के लिए एक निश्चित दायरा निर्धारित किया जाएगा।
-
हांसी रोड का होगा कायापलट
हांसी रोड महाराणा प्रताप चौक से लेकर जूई नहर पुलिया तक के करीब एक किलोमीटर दायरे में नगर परिषद नवीनीकरण का काम कराएगा। हालांकि ये मार्ग पीडब्ल्यूडी विभाग के दायरे में आता है। नगर परिषद ने मार्ग के नवीनीकरण का काम कराने से पहले पीडब्ल्यूडी से भी इसकी एनओसी ले ली है। इसके बाद सड़क के बीच बने डिवाइडर पर नए सिरे से पौधरोपण किया जाना है जबकि सड़क के दोनों तरफ की फुटपाथ भी चकाचक होंगी। इसी तरह नए सिरे से यहां स्ट्रीट लाइट सिस्टम को भी विकसित किया जाएगा। रात के समय भिवानी-हांसी मुख्य प्रवेश मार्ग का नजारा ही लाइटिंग की वजह से देखने लायक होगा।
नगर परिषद द्वारा शहर के माल रोड और हांसी रोड के नवीनीकरण का काम इसी सप्ताह में आरंभ करा दिया जाएगा। हिसार और रोहतक की एजेंसियों को वर्क ऑर्डर जारी किए जा चुके हैं। निर्माण एजेंसी व नप अधिकारियों की बैठक भी हो चुकी है, जिसके बाद इनके निर्माण काम की तैयारी की जा चुकी है। नगर परिषद भिवानी शहर के सुंदरीकरण के लिए बेहतर कदम उठा रहा है। - भवानी प्रताप सिंह चेयरपर्सन प्रतिनिधि नगर परिषद भिवानी।