भिवानी। न्यू भारत नगर कॉलोनी में घर के बाहर बंधे कुत्ते को पीट-पीटकर मार डालने और घसीटते हुए ले जाकर शव को खुर्द बुर्द करने के मामले में नया मोड़ आया है। आरोपी आलोक का कहना है कि कुत्ते को उसने नहीं मारा, उसे गलत फंसाया जा रहा है। कुत्ते को मालिक ने ही मारा है। मानवता के नाते कुत्ते के शव को वह अंतिम संस्कार के लिए लेकर जा रहा था। इसी दौरान उसका वीडियो वायरल हो गया।
आलोक ने बताया कि गत 12 फरवरी को चचेरे भाई दीपक का फोन आया कि उसे कुत्ते ने काट लिया है। उसे संभालने के लिए गया तो उन्होंने कुत्ता खुला छोड़ रखा था। संजय और आलोक वहां पहुंचे तो खुला हुआ कुत्ता उनकी तरफ काटने को दौड़ा तो संजय ने एक डंडा उसे मार दिया था। इसके बाद कुत्ते के मालिक ने कुत्ते को काफी लातें मारी और इसकी ऑडियो भी उसके पास है।
इसमें वह कह रहा है कि उन्होंने कुत्ते को मारा है। मानवता के नाते कुत्ते के शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जा रहे थे कि इसी की वीडियो वायरल कर दिया गया। जबकि उसके चचेरे भाई दीपक को कुत्ते ने काटा था, चार दिन से वह अस्पताल में दाखिल है। इसकी एमएलआर कटी हुई है, लेकिन अभी तक पुलिस ने उसके कोई बयान दर्ज नहीं किए हैं।
आलोक ने कहा कि उनके साथ गलत हो रहा है। आलोक ने बताया कि वह हाथ से दिव्यांग है। उसकी कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्हें धमकाया जा रहा है। संवाद
-
12 फरवरी को हुआ था राजीनामा
आलोक ने बताया कि कुत्ते की मौत मामले में दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से राजीनामा कर दिया था। इसकी लिखित कॉपी भी पुलिस को दी गई थी। आत्मरक्षा के लिए उसके भाई संजय ने एक डंडा मारा था। कुत्ता मालिक ने ही अधमरा किया हुआ था। वह तो वहां अपने बचाव के लिए डंडा लेकर खड़ा था और अनीता गुप्ता से बात कर रहा था।