फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सट्टेबाजों से परेशान होकर नाबालिग लड़के ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान

विज्ञापन
विज्ञापन
भिवानी। सट्टेबाजों से परेशान होकर नाबालिग पियुष सरदाना ने सोमवार देर शाम रेलवे वाशिंग लाइन के समीप ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी। मामले की सूचना राजकीय रेलवे पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसके शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला सामान्य अस्पताल लाई। मंगलवार को जिला सामान्य अस्पताल में पहुंचे मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि उसके बेटे पर सट्टेबाज चार लाख रुपये देन का दबाव बना रहे थे, इसी के चलते उसका बेटा आत्महत्या के लिए मजबूर हुआ है। मृतक तीन बहनों का इकलौता भाई था।
विज्ञापन

कृष्णा कॉलोनी वासी सुरेश सरदाना ने बताया कि वह रेलवे रोड नगर परिषद कार्यालय के सामने अंडे की रेहड़ी लगाता है। उसकी रेहड़ी के काम में उसका साढ़े 17 साल का बेटा पियुष सरदाना भी हाथ बटाता है। पिता सुरेश का आरोप है कि उसका बेटा क्रिकेट मैच पर सट्टा लगाने वालों के चुंगल में फंस गया था। सट्टेबाज उसके बेटे पर चार लाख रुपये देनदारी चढ़ाते हुए मंगलवार को पैसे मांग रहे थे। उसके बेटे के पास फूटी कौड़ी नहीं थी, इसलिए उसके बेटे ने यह कदम उठाया। सुरेश ने बताया कि बेटा पियुष को सोमवार शाम करीब सात बजे एक युवक अपनी बाइक पर साथ ले गया था। रात करीब 11 बजे राजकीय रेलवे पुलिस का उसके पास फोन आया, जिसके बाद उसे बेटे के बारे में जानकारी मिली।
बूढ़ी आंखों में आंसू और चेहरे पर बेबसी, बेटे की मौत पर मांगा न्याय
बूढ़ी आंखों में आंसू और चेहरे पर बेबसी में हाथ जोड़कर बेटे की मौत पर न्याय मांग रहे सुरेश सरदाना ने कहा कि उसके बेटे की जिंदगी सट्टेबाजों ने खत्म कर दी। जिस बेटे को उसका सहारा बनना था उसे सट्टेबाजों ने मौत के मुंह में धकेल दिया। उसका पूरा परिवार बिखर गया है। वहीं तीन बहनों से भी उनका इकलौता भाई छिन गया। इस दुखद हादसे के बाद काफी लोग सहानुभूति देने अस्पताल पहुंचे।
विज्ञापन

वर्जन:::
रेलवे वाशिंग लाइन के समीप ट्रेन के आगे कूदकर एक लड़के द्वारा जान देने की सूचना मिली थी। जिसके बाद राजकीय रेलवे पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजनों ने अभी लिखित बयान नहीं दिए हैं। फिलहाल इस संबंध में इत्तेफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की गई है। परिजन जो शिकायत देंगे उसी के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

- एसआई धर्मबीर सिंह, इंचार्ज राजकीय रेलवे पुलिस चौकी भिवानी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें