बवानीखेड़ा। गांव अलखपुरा में गुरुग्राम जाने के लिए टैक्सी बुक कराने के बाद झज्जर चलने का दबाव बनाने वाले युवकों ने चालक प्रदीप के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि युवकों ने अपने दो अन्य साथियों को बुलाकर उसके साथ मारपीट की और टैक्सी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
घायल चालक को जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जींद के विकास नगर निवासी प्रदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह टैक्सी चलाता है और अपने दोस्त के जन्मदिन में शामिल होने के लिए टैक्सी लेकर गांव अलखपुरा आया था। रविवार रात करीब 10 बजे वह वापस लौटने लगा तो दो युवकों ने उसे गुरुग्राम छोड़ने के लिए कहा। प्रदीप की सहमति के बाद दोनों टैक्सी में बैठ गए। गांव से निकलकर मुख्य मार्ग पर पहुंचने पर युवकों ने गुरुग्राम के बजाय झज्जर चलने को कहा।
प्रदीप ने झज्जर जाने से मना किया तो युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उन्होंने फोन कर दो अन्य साथियों को भी बुला लिया और चारों ने मिलकर चालक को पीटा तथा टैक्सी क्षतिग्रस्त कर दी। प्रदीप ने डायल 112 पर शिकायत दी जिसके बाद घायल को जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बवानीखेड़ा थाने के जांच अधिकारी सुरेश ने बताया कि टैक्सी चालक प्रदीप की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।