भिवानी। लोहारू से कांग्रेस विधायक राजबीर फरटिया के इकलौते बेटे योगेश फरटिया और लक्ष्य डेयरी संचालक बलजीत सिंह रेढू की इकलौती बेटी तमन्ना एक नवंबर को विवाह बंधन में बंध गए। गुरुग्राम के आईटीसी ग्रैंड भारत होटल में संपन्न इस भव्य समारोह में हरियाणा के दिग्गज नेताओं और कारोबारियों ने शिरकत की।
तमन्ना ने इंग्लैंड से वाणिज्य की पढ़ाई पूरी करने के बाद अपने पिता के लक्ष्य डेयरी और लक्ष्य फूड के कारोबार की जिम्मेदारी संभाली थी। वहीं विधायक राजबीर फरटिया के बेटे योगेश का धत्तरवाल कंस्ट्रक्शन नाम से सड़क निर्माण का कारोबार है। विवाह में पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सांसद दीपेंद्र हुड्डा, सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी, नूंह से विधायक मामन खान, झज्जर की विधायक गीता भुक्कल सहित कई राजनीतिक हस्तियों ने नवदंपती को आशीर्वाद दिया।
इससे पहले वीरवार को लोहारू की अनाज मंडी में करीब पांच एकड़ में पंडाल लगाकर क्षेत्र के 111 गांवों की चूल्हा न्यौत का भोज कार्यक्रम आयोजित किया गया था जिसमें भी भूपेंद्र सिंह हुड्डा और दीपेंद्र हुड्डा ने भाग लिया। वहीं बेटे के तिलक समारोह में विधायक फरटिया ने एक रुपया और नारियल लेकर दहेज प्रथा का विरोध किया था।
लग्जरी होटल में ठहरे शादी में आए मेहमान
फरटिया के बेटे की शादी का पूरा आयोजन गुरुग्राम के फाइव स्टार होटल में किया गया। वीआईपी मेहमानों के लिए लग्जरी होटलों में विशेष ठहराव की व्यवस्था की गई थी। विवाह की सभी रस्में होटल परिसर में ही पूरी की गईं। विधायक फरटिया ने शादी का निमंत्रण राज्य की सभी 90 विधानसभा के विधायकों को दिया था। समारोह में सत्ता और विपक्ष दोनों दलों के नेताओं ने उपस्थिति दर्ज कर नवदंपती को आशीर्वाद दिया।
राहुल गांधी ने भेजा बधाई संदेश
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी स्वयं तो विवाह समारोह में शामिल नहीं हो सके लेकिन उन्होंने बधाई पत्र भेजकर वर-वधू को शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया। विधायक राजबीर फरटिया ने राहुल गांधी सहित कांग्रेस के कई केंद्रीय नेताओं को स्वयं जाकर निमंत्रण पत्र दिए थे।
विधायक की बेटी की शादी भी रही थी चर्चित
लोहारू के विधायक राजबीर फरटिया के दो संतानें हैं। एक साल पहले ही उन्होंने अपनी बेटी की शादी एक आईएएस अधिकारी से की थी। अब इकलौते बेटे योगेश की शादी तमन्ना से संपन्न हुई है। योगेश जहां सड़क निर्माण कंपनी ‘धत्तरवाल कंस्ट्रक्शन’ का संचालन करते हैं वहीं तमन्ना जींद स्थित लक्ष्य डेयरी एवं लक्ष्य फूड इंडिया के मालिक बलजीत सिंह रेढू की बेटी हैं। तमन्ना ने इंग्लैंड से वाणिज्य की पढ़ाई पूरी करने के बाद अपने पिता के लक्ष्य स्वीट्स और लक्ष्य होटल का प्रबंधन भी संभाला है। बलजीत सिंह का एक बेटा भी है।
गुरुग्राम के आईटीसी ग्रैंड भारत में हुई विवाह रस्म
गुरुग्राम के आईटीसी ग्रैंड भारत में आयोजित विवाह समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी, इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला सहित हरियाणा, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश के कई राजनेता और कारोबारी मौजूद रहे। विवाह में लोहारू हलके से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
दीपेंद्र हुड्डा को फरटिया ने पहनाई अंगूठी
शनिवार देर रात चले विवाह समारोह में सांसद दीपेंद्र हुड्डा फेरों की रस्म तक उपस्थित रहे। फेरे पूरे होने के बाद विधायक राजबीर फरटिया ने दीपेंद्र हुड्डा को अंगूठी पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। वरमाला के समय राजबीर फरटिया और बलजीत सिंह ने एक-दूसरे को गले लगाया इस दौरान बलजीत सिंह भावुक भी हो गए।
लोगों ने कहा-ऐसा विवाह करने के लिए चाहिए बड़ा दिल
विवाह समारोह में शामिल लोगों ने कहा कि इस तरह के भव्य आयोजन के लिए बड़ा दिल चाहिए। धन तो बहुत लोगों के पास होता है लेकिन समाज के साथ खुशी साझा करने का जज्बा बहुत कम लोगों में होता है। विधायक राजबीर फरटिया का यह आयोजन उनकी दरियादिली और सामाजिक जुड़ाव का प्रतीक रहा।