भिवानी। बच्चों की प्रतिभा को मंच देने और उनकी रचनात्मकता निखारने के लिए जिला बाल कल्याण परिषद की ओर से 27 से 31 अक्तूबर तक जिला स्तरीय बाल महोत्सव-2026 आयोजित किया जाएगा। बाल दिवस के उपलक्ष्य में होने वाले इस महोत्सव में स्कूली विद्यार्थियों के लिए 21 प्रतियोगिताएं होंगी।
डीसी एवं जिला बाल कल्याण परिषद के अध्यक्ष साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाले महोत्सव की तैयारियां की जा रही हैं। जिला बाल कल्याण अधिकारी गौरव रोहिल्ला ने बताया कि प्रतियोगिताओं में जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी भाग लेंगे। प्रतिभागियों को चार आयु वर्गों में बांटा गया है। इनमें पहली से पांचवीं, छठी से आठवीं, नौवीं-दसवीं और 11वीं-12वीं कक्षा के विद्यार्थी शामिल होंगे।
महोत्सव में नृत्य, समूह नृत्य, गायन, चित्रकला, कार्ड मेकिंग, फैंसी ड्रेस, प्रश्नोत्तरी, रंगोली, सुलेख, हिंदी-अंग्रेजी लेखन, एकल अभिनय, थिएटर प्ले, रागिनी, भाषण, मॉडलिंग और बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इनके जरिये विद्यार्थियों को अपनी कला और अभिव्यक्ति कौशल दिखाने का अवसर मिलेगा।
परिषद ने विद्यालयों से अधिक से अधिक बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है। प्रतियोगिताओं में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मंडल एवं राज्य स्तर पर प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।