भिवानी। स्वाइन फ्लू के दो मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है और अब जांच सैंपल हिसार भेजे जाएंगे। जिला नागरिक अस्पताल में निगरानी और सैंपलिंग बढ़ा दी गई है ताकि मरीजों की रिपोर्ट समय पर मिल सके।
मंगलवार से सैंपल हिसार भेजे जाने से रिपोर्ट तैयार होने में तेजी आएगी और मरीजों का उपचार जल्द शुरू हो सकेगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रघुबीर शांडिल्य ने बताया कि जिला नागरिक अस्पताल में स्वाइन फ्लू के लक्षणों को ध्यान में रखते हुए मरीजों के सैंपल लिए जा रहे हैं।
फिलहाल सैंपल रिपोर्ट तैयार करने के लिए रोहतक पीजीआई भेजे जा रहे थे। अब मंगलवार से सैंपल जिला नागरिक अस्पताल हिसार भेजे जाएंगे। उन्होंने बताया कि दो सितंबर के बाद 27 मरीजों के सैंपल लिए जा चुके हैं। इनमें से दो मरीज एच1एन1 पॉजिटिव हैं। 11 मरीज रिकवर हो चुके हैं जबकि एक मरीज अस्पताल में दाखिल है।
डॉ. रघुबीर शांडिल्य ने बताया कि संक्रमण को फैलने से रोकने और मरीजों को तत्काल उपचार देने के लिए जिला नागरिक अस्पताल में अलग आइसोलेशन वार्ड स्थापित किया गया है।
निजी अस्पतालों को निर्देश दिए गए हैं कि तेज बुखार, खांसी, गले में खराश और सांस लेने में तकलीफ जैसे संदिग्ध लक्षणों वाले मरीजों की जानकारी तुरंत विभाग से साझा करें। सभी पीएचसी और सीएचसी केंद्रों पर जरूरी दवाओं का स्टॉक सुनिश्चित कर दिया गया है। संदिग्ध मामलों की पहचान कर जल्द से जल्द रिपोर्ट तैयार करने के लिए सैंपलिंग प्रक्रिया में तेजी लाई गई है।