भिवानी। सांगा-कायला रोड पर बस की चपेट में आने से सरकारी स्कूल में नियुक्त चौकीदार की मौत हो गई। पुलिस ने पुत्र की शिकायत पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव कायला निवासी सावन ने बताया कि उसके पिता गांव बडाला स्थित सरकारी में स्वीपर कम चौकीदार के पद पर नियुक्त हैं। 30 सितंबर को वे स्कूटी पर सवार होकर गांव सांगा की तरफ जा रहे थे। तभी लापरवाही से बस चलाते हुए चालक ने उनके पिता को टक्कर मार दी। इसमें उसके पिता की मौत हो गई। बस में सवार उसी के गांव के सहीपाल ने इस बारे में उसे जानकारी दी। इसके बाद वह मौके पर पहुंचा।
वहीं हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच और कार्रवाई करते हुए शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिवानी स्थित नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। जहां पर शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं बेटे की शिकायत पर पुलिस ने बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्रशर प्लांट पर काम करते हुए श्रमिक का फिसला पैर, मौत
तोशाम। गांव खानक में क्रशर प्लांट पर काम कर रहे प्रवासी श्रमिक की हादसे में मौत हो गई। मृतक मदन झारखंड का रहने वाला है। मृतक पिछले 4-5 साल से खानक में काम कर रहा था।
हादसे की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर भिवानी स्थित नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार मृतक मदन प्लांट पर काम कर रहा था, तभी उसका पैर फिसल गया। इससे वह रोड़ी के बने डिग में जा गिरा। सिर में लगी चोट के चलते मदन की मौत हो गई। जांच अधिकारी एएसआई राममेहर के अनुसार मामले में फिलहाल इत्तफाकिया की कार्रवाई की गई है।