भिवानी। अखिल भारतीय किसान सभा भिवानी ने हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (एचटेट) अभ्यर्थियों की मांगों का समर्थन किया। एचटेट अभ्यर्थी परीक्षा में दिए जा रहे अंकों में समरूपता नहीं अपनाने के विरोध में धरना दे रहे हैं।
किसान सभा के जिला प्रधान रामफल देशवाल, उपप्रधान कामरेड ओमप्रकाश व युवा कल्याण संगठन के संरक्षक कमल सिंह प्रधान ने अपने संगठनों की तरफ से एचटेट अभ्यर्थियों की जायज मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि 30 प्रतिशत प्रश्न सिलेबस के बाहर से आए थे। परीक्षार्थियों में बोर्ड की कार्यप्रणाली के विरोध में असंतोष है और वे न्याय प्राप्ति के लिए बोर्ड कार्यालय के सामने धरना देने के लिए मजबूर हैं।
किसान नेताओं ने बोर्ड चेयरमैन से मांग की है कि वे परीक्षा अंकों में समानता अपनाते हुए पारदर्शी तरीके से परिणाम घोषित करे ताकि सभी योग्य उम्मीदवारों के साथ न्याय हो सके। यदि बोर्ड प्रशासन ने आंदोलनकारियों की जायज मांग नहीं मानी तो किसान मजदूर व अन्य सामाजिक संगठन उनकी मदद करने के लिए मजबूर होंगे। समर्थन करने वालों में किसान नेता मास्टर शेर सिंह, प्रताप सिंह सिंहमार, बलजीत मोखरा, ओमप्रकाश दलाल, पवन श्योराण आदि शामिल रहे।
शिक्षक पात्रता परीक्षा के अभ्यर्थियों को मिला कांग्रेस नेता कुलदीप ग्रोवर का समर्थन
भिवानी। हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (एचटेट) 2023 के अभ्यर्थियों ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष की ओर से सुझाए गए फार्मूले में विसंगतियां व असामान्यता के विरोध में बोर्ड मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता व अधिवक्ता कुलदीप सिंह ग्रोवर ने अभ्यर्थियों की मांगाें का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि सभी अभ्यर्थियों को हिंदी व इंग्लिश विषयों के एक पेपर में 30 नंबर देना ही न्याय का एकमात्र विकल्प है। यदि अभ्यर्थियों की मांग जल्दी पूरी नहीं की गई तो उनका अगला कदम तर्कसंगत वह निर्णायक होगा।