भिवानी। भारतीय खेल प्राधिकरण प्रशिक्षण केंद्र और वैश्य महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को फिटनेस के प्रति जागरूक करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वैश्य महाविद्यालय भिवानी के शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह रहे। उनके नेतृत्व में भारतीय खेल प्राधिकरण खेल प्रशिक्षण केंद्र भिवानी के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और वैश्य महाविद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक साइकिल रैली में भाग लिया। प्रतिभागियों ने पूरे जोश के साथ शहर में साइकिल चलाकर नियमित व्यायाम करने और फिट एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के समापन पर कुश्ती प्रशिक्षक हरेंद्र सिंह ने सभी प्रतिभागियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संडे ऑन साइकिल जैसे आयोजन शारीरिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के साथ समाज में फिटनेस के प्रति जागरूकता, एकता और सकारात्मक सोच का संदेश देते हैं। उन्होंने नागरिकों से नियमित रूप से ऐसे फिटनेस कार्यक्रमों में भाग लेने का आह्वान किया।