भिवानी जिले के कैरू कार्यालय में ब्लॉकस्तरीय आयोजित कार्यक्रम में रंगोली बनातीं महिलाएं।
तोशाम/कैरू। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से कैरू कार्यालय में ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं को पोषाहार की जानकारी दी गई। इस मौके पर रेसिपी, स्लोगन और रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। रंगोली प्रतियोगिता में बिजलानावास से सुमन ने प्रथम, प्यारे की ढाणी से मुनेश ने द्वितीय व बिजलानावास से पूनम ने तृतीय स्थान हासिल किया।
रेसिपी प्रतियोगिता में सीमा जीतवानवास ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि धारवानवास से मीना को दूसरा और मंजू कैरू को तीसरा स्थान दिया गया। स्लोगन प्रतियोगिता में प्रवीण जूई ने प्रथम, जूई से इंदू ने द्वितीय व नीलम कैरू ने तृतीय स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुख्यातिथि सीडीपीओ लाजवंती ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिता के आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को पौष्टिक आहार के प्रति जागरूक करना है। महिलाओं के लिए पौष्टिक आहार का सेवन करना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बच्चों की अच्छी सेहत के लिए पौष्टिक भोजन जरूरी है। यदि बच्चों को पौष्टिक भोजन न मिले तो वे कुपोषण का शिकार हो जाते हैं। पर्याप्त प्रोटीन के लिए दालों व हरी सब्जियों का सेवन जरूरी है। उन्होंने कहा कि बच्चों की सेहत का पूरा ध्यान रखना चाहिए। इस मौके पर सुपरवाइजर नीलम, पूनम, शर्मिला मौजूद रहीं।