भिवानी। पीएमश्री और सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी पहाड़ी क्षेत्र और रेगिस्तान में घुड़सवारी समेत अन्य गतिविधियों का लुफ्त उठाएंगे। इसके तहत विद्यार्थी 23 अक्टूबर से टूर के लिए रवाना होंगे। इस टूर में नौंवी से बारहवीं कक्षा के विद्यार्थी शामिल होंगे। इसके लिए शिक्षा निदेशालय की ओर से विद्यार्थियों के रजिस्ट्रेशन किए जा रहे हैं।
दरअसल, शिक्षा निदेशालय की ओर से विद्यार्थियों के तकनीकी एवं किताबी ज्ञान के अलावा भौगोलिक ज्ञान को बढ़ावा देने के लिए विशेष टूर प्रोग्रामों का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत पीएमश्री स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए प्रकृति अध्ययन की योजना तैयार की है। इसमें छात्रों को मध्य प्रदेश, केरल व राजस्थान की भौगोलिक परिस्थितियों के साथ-साथ तटीय मैदानी, मरुस्थलीय, पठारी क्षेत्रों का अध्ययन करने का मौका मिलेगा।
इसके लिए विभाग की ओर से विद्यार्थियों के आवेदन मांगे गए हैं। विद्यार्थियों के लिए प्रकृति अध्ययन के अलावा एडवेंचर शिविर का भी आयोजन किया जाएगा। जिससे विद्यार्थी किताबी ज्ञान से बाहर निकलकर प्रकृति से भी रूबरू होंगे। यह टूर 23 अक्टूबर से भेजा जाएगा। जिसमें कक्षा नौंवी से बारहवीं के विद्यार्थी शामिल होंगे।
विभाग की ओर से विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के अलावा भौगोलिक ज्ञान देने के लिए विशेष टूर का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए विद्यार्थियों को पंजीकरण करवाना होगा। टूर 23 अक्टूबर से रवाना होगा।
- नरेश महता, जिला शिक्षा अधिकारी।