चौ. बंसीलाल विश्वविद्यालय भिवानी में रोष प्रदर्शन करते विद्यार्थी।
भिवानी। चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय की ओर से जारी किए रिजल्ट पर एनएसयूआई के बैनर तले विद्यार्थियों ने सवाल उठाते हुए खून से पत्र और पोस्टर लिखे। विद्यार्थियों ने विरोध जताते हुए कहा कि रिजल्ट में खामियां हैं और गलत तरीके से विद्यार्थियों को फेल किया जा रहा है। इस दौरान विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर काम न करने के आरोप लगाते हुए कार्यालय के बाहर पोस्टर भी लगाए।
एनएसयूआई के जिला प्रधान मंजीत लांग्यान ने बताया कि चौ. बंसीलाल विश्वविद्यालय की ओर से 2 दिन पहले प्रथम वर्ष का रिजल्ट का जारी किया था। पहले जो रिजल्ट जारी किया जाता था, उसमें जिस विद्यार्थी को 100 में से 40 नंबर होते थे, उसे पास कर दिया जाता। लेकिन अब जिस विद्यार्थी को 50-55 नंबर हैं, तो उसे भी री-अपीयर दे रखा है।
केवल 10 प्रतिशत बच्चों को ही पास किया गया है। पहले भी सीबीएलयू प्रशासन को अवगत करवाया था कि जो रिजल्ट ब्रांच है, वह खराब है। बच्चों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विरोध स्वरूप आज खून से पोस्टर व पत्र लिखे हैं। इस अवसर पर मोनिका, मनीष, ममता, रीतू, प्रियंका, प्रिया, रमित, सरोज, मनदीप, हरिदास मेहरा, वसीम, दीपक, नवीन, प्रविंद्र कटारिया, सुखविंद्र सिंह, नवीन दिनोदिया मौजूद रहे।