06 घायल प्राइवेट बस मालिक व अन्य
- फोटो : Bhiwani
प्राइवेट बस में टिकट को लेकर मंगलवार को तिगड़ाना मोड़ पर विद्यार्थियों और बस मालिकों में विवाद हो गया। पुलिस कर्मी की मौजूदगी में विद्यार्थियों ने लाठी डंडे से बस मालिकों के फ्लाइंग पर हमला कर दिया। जिससे फ्लाइंग में शामिल तीन लोग घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया। झगड़े के बाद प्राइवेट बस मालिकों ने बसों का आवागमन बंद कर दिया और चेतावनी दी कि जब तक समस्या का समाधान नहीं किया जाता, वे बस नहीं चलाएंगे।
प्राइवेट बसों की हरियाणा कॉपरेटिव सोसायटी है। सोसायटी की भिवानी-हांसी के बीच 23 बसें चलती है। प्राइवेट बसों के मालिक फ्लाइंग बनाकर प्राइवेट बसों की चेकिंग करते है, ताकि कोई भी बिना टिकट न चले। इसी के तहत मंगलवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे गाड़ी से 12-13 प्राइवेट बसों के मालिक तिगड़ाना मोड़ पहुंचे और बसों की चेकिंग करने लगे। करीब तीन-चार बसों की चेकिंग की। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि जाटू लुहारी की ओर से आ रही बस में काफी संख्या में युवक अंदर और छत पर बिना टिकट के है। इनमें ज्यादातर जाटू लुहारी गांव से है। जाटू लुहारी गांव के युवाओं और प्राइवेट बस चालकों का पहले भी झगड़ा हो चुका है। ऐसे में प्राइवेट बस मालिकों ने सदर थाना पुलिस को सूचित किया। एसएचओ समेत सदर थाना पुलिस कर्मचारी मौके पर पहुंचे। ओवरलोड बस पहुंची तो सभी को उतारा गया। जांच की तो कुछ युवकों के पास ही रोडवेज बस के पास थे। जिसके बाद एसएचओ ने युवाओं को टिकट लेने की बात कहकर चले गए। एक पुलिस कर्मी को वहीं छोड़ दिया। आरोप है कि एसएचओ के जाने के बाद जाटू लुहारी के युवा तिगड़ाना मोड़ के ही एक खाली प्लॉट से लाठी-डंडे उठा लाए और प्राइवेट बसों की फ्लाइंग पर हमला कर दिया। फ्लाइंग टीम के कुछ सदस्यों ने भागकर जान बचाई तो कुछ हमले के शिकार हो गए। हमलावरों ने फ्लाइंग टीम की गाड़ी के शीशे भी तोड़ डाले। झगड़े के बाद घायल तीन युवकों को उपचार के लिए इमरजेंसी लाया गया। झगड़े में फ्लाइंग में शामिल सुमित, नरेंद्र, अजय को चोट आई। घायलों ने बताया कि 50-60 युवा बस में बेटिकट थे। टिकट के लिए कहने पर ही उन पर हमला किया गया।
बस नहीं चलने बिगड़ी व्यवस्था
झगड़े के बाद प्राइवेट बस मालिकों ने भिवानी-हांसी मार्ग पर बसें नहीं चलाने का निर्णय लिया और मंगलवार दोपहर और शाम कोई भी प्राइवेट बस हांसी के लिए नहीं गई। इस कारण लोग पूरी तरह रोडवेज बसों पर निर्भर नजर आए और लोगों को बसों का इंतजार करते देखा गया। प्राइवेट बस मालिकों ने चेतावनी दी कि जब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं होता, वे बस नहीं चलाएंगे। प्रदेश सरकार ने 14 व 15 को रक्षा बंधन को देखते हुए महिलाओं और बच्चों के लिए फ्री बस सेवा की सुविधा दी है। योजना के तहत प्राइवेट बसों में भी महिलाओं और बच्चों को नि:शुल्क बस सुविधा दी जाती है। ऐसे में बुधवार को भी हड़ताल होती है तो महिलाओं और बच्चों के साथ-साथ रोडवेज प्रबंधन को भी खासी परेशानी हो सकती है।
पंचायत के बाद भी नहीं हुआ समाधान
मामले को लेकर यह तीसरी बाद विवाद हुआ है। इससे पहले भी जाटू लुहारी गांव के युवकों और प्राइवेट संचालकों में विवाद हुआ था। जिसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक को भी दी गई। उस समय पंचायत कर जाटू लुहारी गांव के मौजिज लोगों ने कहा था कि या तो युवा टिकट लेंगे या पास बनवा लेंगे। इसके लिए युवाओं को कुछ समय दिया गया था। इसके बाद स्टूडेंट्स के फेर में अन्य ग्रामीणों ने भी टिकट खरीदना बंद कर दिया। जिस पर विवाद हुआ।
झगड़े की सूचना मिली है। जांच की जा रही है। घायलों के बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
राकेश कुमार, एसएचओ
शहर थाना भिवानी