फाइनेंस कंपनी द्वारा समय पर अदायगी नहीं किए जाने और चेक बाउंस होने पर निवेशकों ने कंपनी कार्यालय पर बवाल मचाया। लोगों ने कहा कि वे पिछले तीन महीने से चक्कर काट रहे हैं लेकिन कंपनी के कर्मचारी संतोषजनक जवाब नहीं दे रहे हैं। वहीं, कंपनी के एमडी ने बताया कि निवेशकों का कुल डेढ़ लाख रुपया बाकी है, जो देय तिथि से पहले दे दिया जाएगा।
मंगलवार को निवेशक वंश इंडिया मयुच्यल बेनिफिट निधि लिमिटेड के कार्यालय पर पहुंचे। निवेशकों ने कंपनी कर्मचारियों से चेक बाउंस होने पर जवाब मांगा तो कंपनी कर्मचारी सही जवाब नहीं दे पाए। कर्मचारियों ने कहा कि कंपनी में एक मैनेजर था जो निवेशकों के द्वारा जमा पैसे लेकर चला गया है। लेकिन, उनके पैसे अब कंपनी द्वारा दिए जाएंगे। वहीं, निवेशकों ने कहा कि कंपनी द्वारा उनको 41 दिन बाद लोन देने की बात कहकर पैसे जमा करवाए था। लेकिन, अब वे मुकर रहे हैं। वहीं, कुछ निवेशकों ने कहा कि उनको लोन की एवज में जो चेक दिए गए थे, वो बाउंस हो गए है। अब वे अपनी जमा की गई रकम वापस लेना चाहते हैं। निवेशक जयकुमार, विनोद कुमार और अन्य ने बताया कि उनको शुरू से ही कंपनी की कार्यशैली पर शक था। कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर पंकज ने बताया किया कंपनी ने सभी निवेशकों को समय पर भुगतान किया है। कंपनी के मैनेजर द्वारा कुछ निवेशकों के पैसे ले जाने के कारण यह अव्यवस्था हुई है। निवेशकों की शिकायत पर बहल पुलिस ने भी कंपनी कार्यालय में जाकर जांच की और शिकायत मिलने पर कार्रवाई की बात कही।
वंश इंडिया के नाम से फाइनेंस कंपनी के निवेशकों की पैसे नहीं दिए जाने की शिकायत मिली है। वह इसकी जांच कर रहे हैं। जैसे भी मामला होगा, कार्रवाई की जाएगी’
राजेन्द्र सिंह, एएसआई, बहल।