फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सख्ती : अब शादी समारोह के लिए मिलेंगे पांच से छह घंटे

विज्ञापन
शादी समारोह के लिए सजा बैंक्वेट हॉल। - फोटो : Bhiwani
विज्ञापन
कोरोना के चलते रात 10 बजे तक शादी समारोह संपन्न करने के आदेशों ने शादी की तैयारियों में जुटे परिवारों की चिंता बढ़ा दी है, वहीं होटल, बैंक्वेट हॉल संचालक, धर्मशाला समेत सभी मैरिज पैलेस संचालक भी अब सरकारी आदेशों के अनुसार व्यवस्था बनाने में जुटे। पहले जहां आठ से 10 घंटे अकेले किसी भी मैरिज पैलेस में मिलते थे, मगर अब सभी जगह पांच-छह घंटे में ही शादी समारोह संपन्न करना होगा। भिवानी में अधिकतर बैंक्वेट हॉल, धर्मशाला, होटल संचालकों ने योजना बनाई है कि दिन की शादी करने वालों को सुबह नौ से दोपहर तीन बजे तक का समय दिया जाए और रात को शादी करने वालों को दोपहर बाद तीन से रात नौ बजे तक। तभी समारोह 10 बजे तक निपट सकेंगे। मगर समस्या शादी वाले घरों में बन गई है, क्योंकि अधिकतर शादी के कार्ड छपवाकर बांट चुके हैं, जिनमें शादी समारोह में आने का न्योता देर शाम सात से आठ बजे तक का दिया है।
विज्ञापन

उल्लेखनीय है कि कोरोना वायरस के तेजी से फैलते संक्रमण के कारण प्रदेश सरकार ने रात्रि कर्फ्यू लगाया है, जो कि रात 10 से सुबह पांच बजे तक है। इसके अलावा कोरोना के बढ़ते केसों को देखते हुए रात के समय शादियां नहीं करने के निर्देश जारी किए गए हैं। ऐसे में वे परिवार चिंतित हैं, जिन्होंने रात्रि को ही शादी कार्यक्रम रखा है। कार्ड बंट चुके हैं और सभी तैयारियां रात्रि के अनुसार हैं।
शादी का बदल गया समय, सभी को फोन कर दे रहे सूचना
शादी वाले परिवारों को ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। अधिकतर के कार्ड छप चुके हैं और बंट चुके हैं। ऐसे में अब शादी समारोह के लिए परिवार फोन कर रिश्तेदारों को सूचित कर रहे हैं कि समय बदल दिया है। अब रात को नहीं शाम को शादी है। जल्दी पहुंचें। वर पक्ष के लोगों को भी सूचित कर पहले बरात लाने के लिए बोला जा रहा है।
विज्ञापन

बदला गया है समय
शादी समारोह रात 10 बजे तक हर हाल में संपन्न करवाना है। ऐसे में रात की शादियों का समय दोपहर बाद तीन बजे से रात नौ बजे तक का तय किया गया है। दिन की शादियों का समय सुबह नौ से दोपहर बाद तीन बजे तक का तय किया गया है। इससे कर्मचारियों को भी फायदा होगा और वे समय पर अपने घर जा सकेंगे।
- नरेंद्र कुमार, संचालक दाल-चीनी रेस्टोरेंट
हमारे यहां ज्यादातर एक दिन में एक ही शादी है। अब बुकिंग लेते समय स्पष्ट कह रहे हैं कि रात नौ बजे तक समारोह पूरा करना होगा। रात को नाइट कर्फ्यू हो जाएगा और सभी कर्मचारियों को जाने में समस्या होगी। इस कारण बुकिंग के समय ही सभी को बता रहे हैं।
- सोनू कुमार, संचालक कृष्णा रिजोर्ट
हमारे यहां 22 अप्रैल को शादी है। शादी रात की तय की थी। कार्ड बंट चुके हैं। बरात स्वागत सात बजे तय किया था। अब जिला प्रशासन के आदेशों के कारण सारी व्यवस्था बिगड़ गई है। अब वर पक्ष के लोगों को तीन बजे बुलाया है और डिनर का समय भी आठ की बजाय पांच बजे किया है। अब सभी रिश्तेदारों को भी फोन कर समय बदलने के बारे में सूचित कर रहे हैं। बेटी की शादी में पहले ही काम ज्यादा रहते हैं और ये अतिरिक्त समस्या हो गई है।
विज्ञापन

- प्रदीप कुमार, एक बेटी का पिता
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें