भिवानी। प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक सामग्री एवं पॉलिथीन के उपयोग पर रोक लगाने और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने शहर में सख्त अभियान चलाया। एसडीओ विकास के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के कुल 36 हजार रुपये के चालान काटे गए।
पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी शैलेंद्र अरोड़ा ने बताया कि अभियान के तहत शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर जांच की गई और प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक सामग्री व पॉलिथीन बेचने और उपयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि आमजन को जागरूक करने के लिए शहर में कई स्थानों पर जागरूकता बैनर भी लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों की जानकारी दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलिथीन का उपयोग पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है। इससे पर्यावरण प्रदूषित होता है और इसका सीधा असर मानव स्वास्थ्य पर भी पड़ता है। अभियान के दौरान दुकानदारों से अपील की गई कि वे प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलिथीन का प्रयोग न करें अन्यथा आगे भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।