फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: आंधी से तबाही, 668 पोल टूटे, 68 गांवों की बिजली गुल

Mon, 26 May 2025 12:44 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी
विज्ञापन
ढिगावा क्षेत्र के गांव नकीपुर के पास पेड़ गिरने से रास्ते बंद होने के कारण पैदल जाते यात्री। 
विज्ञापन
भिवानी। एक माह के दौरान तीसरी बार आंधी ने फिर तबाही मचाई। जिले भर में 668 बिजली पोल टूटने से करीब 68 गांवों की बिजली गुल हो गई। कई गांवों में तो 12 घंटे बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई। जबकि कई गांवों में पूरी तरह आपूर्ति बहाल होने में दो दिन का समय लग सकता है। वहीं 40 एमएम बारिश में शहर के निचले इलाकों में भी बरसाती पानी का ठहराव हुआ। करीब पांच घंटे बाद कई जगहों से पानी की निकासी कराई गई। जिले भर में आंधी से करीब डेढ़ सौ से अधिक पेड़ टूटने की सूचनाएं भी मिलीं वहीं कई रास्ते भी काफी देर तक अवरुद्ध रहे।
विज्ञापन

शनिवार देर रात को आई आंधी की वजह से जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ। आंधी की शुरुआत में ही शहरी और ग्रामीण दायरे की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। वहीं बिजली निगम के पावर सब स्टेशनों की लाइनों को भी भारी क्षति पहुंची। इस वजह से 200 केवीए के दो और सौ केवीए का एक बिजली ट्रांसफार्मर भी खराब हो गया। इसी तरह बिजली लाइनों पर 25 केवीए के करीब 57 बिजली ट्रांसफार्मर भी नीचे गिर गए। जबकि 668 बिजली पोल टूटने की सूचना अधिकारियों ने निगम मुख्यालय को भेजी है। वहीं प्रभावित इलाकों में निगम कर्मचारी आपूर्ति बहाल करने में जुटे हैं।
ग्रामीण क्षेत्र में भी हरे पेड़ टूटने से कई जगह रास्ते बंद हो गए। ग्रामीणों के सहयोग से टूटे पेड़ों को रास्तों से हटाया गया। आंधी ने तीसरी बार निगम को करीब 25 से 30 लाख का नुकसान करा दिया है। इससे पहले भी दो बार आई आंधी में निगम को करीब 50 से 75 लाख रुपये का नुकसान झेलना पड़ा था।
विज्ञापन


40 एमएम बेमौसम बारिश में खुली पोल
शहर के अंदर 40 एमएम बेमौसमी बारिश ने सरकारी विभागों की पोल खोल दी। शहर के निचले इलाकों में बरसाती चैनल प्वाइंट रुक गए। इसकी वजह से मुख्य रास्तों और सड़कों पर भी बरसाती पानी का ठहराव हुआ। सुबह करीब साढ़े 11 बजे तक रुके हुए चैनलों को खोल कर्मचारी बरसाती पानी की निकासी में जुटे रहे। शहर के कई हिस्सों में सड़कों के किनारे बारिश का पानी जमा रहा। कई गलियों के अंदर भी तालाब जैसे हालात बनने से लोगों की आवाजाही भी प्रभावित हुई।

पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरा तापमान
नौतपा के पहले दिन की शुरुआत से पहले ही शनिवार रात को आंधी के साथ हुई बारिश ने हवा में ठंडक घोल दी। करीब 40 एमएम बारिश की वजह से तापमान में भी करीब पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। गर्मी में औसतन रोजाना अधिकतम 44 डिग्री तक तापमान पहुंच जाता है जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री बना रहा था। लेकिन रविवार को अधिकतम 39 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री तक बना रहा। जिसके चलते लोगों को भी गर्मी से थोड़ी राहत मिली।

नकीपुर के पास सड़क पर टूटकर गिरा कीकर का पेड़, बीच सफर में फंसे रोडवेज बस के यात्री
ढिगावामंडी। क्षेत्र में शनिवार रात को आए तेज तूफान से ढिगावा से बहल मार्ग और नकीपुर गांव से करीब दो किलोमीटर चलते ही बहल की ओर जाने वाली सड़क पर कीकर का पेड़ टूट कर गिर गया। जिससे मुख्य रास्ता बंद हो गया। राहगीरों की मदद से करीब दो घंटे बाद रास्ता खोला गया। इस दौरान हरियाणा रोडवेज बस भी यात्रियों के साथ बीच सफर में फंस गई। आसपास के किसानों से ट्रैक्टर मंगवाकर कड़ी मशक्कत के बाद पेड़ को सड़क के बीच से हटाया गया और बाद में वाहन अपने गंतव्य स्थानों की और बढे़। आंधी-तूफान की रफ्तार काफी तेज थी। इससे बिजली विभाग को काफी नुकसान हुआ है। वहीं इलाके के कई गांवों की बिजली आपूर्ति आंधी के बाद से ही ठप पड़ी है। निगम कर्मचारी लाइनों को दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल करने में जुटे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें