नागरिक अस्पताल में मरीजों को परामर्श देते डाॅ. मनीष श्योराण।
भिवानी। मौसम में ठंडक बढ़ने के साथ ही बुजुर्गों के जोड़ों में जकड़न की बीमारी भी बढ़ गई है। जिला नागरिक अस्पताल की हड्डी रोग विशेषज्ञ की ओपीडी में रोजाना ही 250 से 300 बुजुर्ग मरीज पहुंच रहे हैं। इनमें अधिकांश मरीज तो जोड़ों के दर्द के आ रहे हैं। इस समय जिन मरीजों को पुरानी चोट लगी है, वे भी अपनी तकलीफ बढ़ने से ओपीडी में चेकअप के लिए पहुंच रहे हैं।
सर्दियों के आगाज के साथ ही ठंड बढ़ रही है। ऐसा मौसम बुजुर्गों के लिए बेरहम बन जाता है। खासकर ऐसे बुजुर्ग इस मौसम में सबसे अधिक परेशानी झेलते हैं, जिनके जोड़ों व घुटनों में दर्द रहता है।
ये मरीज सर्दी की वजह से जकड़न महसूस करते हैं। उठने-बैठने और चलने फिरने में भी दिक्कतें आती हैं। ज्यादा दर्द की वजह से वे अपने बिस्तर से हिल भी नहीं पाते हैं। वहीं हड्डी रोग विशेषज्ञ भी ऐसे मरीजों को नियमित रूप से उपचार लेने और बताया गया व्यायाम करने की सलाह दे रहे हैं।
सर्दियों के मौसम में हड्डियों के रोगियों की दिक्कतें बढ़ जाती हैं। ऐसे मरीजों को अपना नियमित चेकअप कराकर उपचार लेना जरूरी है। खासकर एक पड़ाव पर पहुंचने के बाद बुजुर्गों के घुटनों में दर्द रहने लगता है। ये मरीज दवाइयों और नियमित बताए गए व्यायाम से खुद को ठीक रख सकते हैं।
-डॉ. मनीष श्योराण, हड्डी रोग विशेषज्ञ, जिला नागरिक अस्पताल भिवानी।