तोशाम। एसटीएफ निरीक्षक पवन कुमार के नेतृत्व में मंगलवार को तोशाम बस अड्डा से पिंजोखरा निवासी 25 हजार के इनामी बदमाश सुनील उर्फ हाथी को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ टीम ने हाथी को काबू कर तोशाम पुलिस के हवाले कर दिया है। हाथी को बुधवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। दो युवकों की हत्या सहित हाथी पर सात मुकदमे दर्ज हैं। करीब एक वर्ष से ज्यादा समय से पुलिस सुनील हाथी के पीछे लगी थी।
हाथी पर हैं दो युवकों की हत्या करने के केस, 25 हजार का था इनाम
सुनील हाथी पर दो युवकों की हत्या के केस है। सबसे पहले 2018 में हाथी पर लड़ाई-झगड़े के तीन केस थे। अगस्त 2019 में दरियापुर निवासी टोनी की अपने साथियों के साथ मिलकर दादागिरी जमाने के चलते मामूली कहासुनी में ही हत्या कर दी। जिसके बाद पुलिस ने मृतक टोनी के परिजनों की शिकायत पर हाथी सहित उसके साथियों पर हत्या का केस दर्ज किया। इस मामले में पुलिस ने कुछ आरोपियों को तो गिरफ्तार किया था, लेकिन काशी गैंग का मुख्य सरगना विकास उर्फ काशी व हाथी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़े और आपराधिक घटनाओं को अंजाम देते रहे। पुलिस ने हाथी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया। हाथी ने एक ठेके पर मारपीट व तोड़फोड़ भी की। तीन-चार माह पहले ही काशी गैंग के मुख्य सरगना विकास उर्फ काशी व हाथी ने अपने साथियों के साथ मिलकर गारणपुरा निवासी मंजीत की हत्या कर दी। कुछ दिन पहले ही पुलिस ने विकास को तो गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन हाथी फरार था। एसटीएफ की टीम ने मंगलवार को हाथी को गिरफ्तार कर लिया। हाथी पर हत्या, मारपीट करने सहित सात मुकदमे दर्ज हैं। इस बारे में थाना प्रभारी जयसिंह ने बताया कि हाथी को एसटीएफ ने काबू कर लिया है। बुधवार को हाथी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।