भीम स्टेडियम में आयोजित राज्यस्तरीय बास्केटबाल स्पर्धा में भाग लेतीं झज्जर और सिरसा की टीम।
भिवानी। शहर के भीम स्टेडियम में शनिवार से 57वीं हरियाणा सीनियर राज्यस्तरीय बास्केटबाल स्पर्धा का आगाज हुआ जिसमें शुरुआती मुकाबले में गुरुग्राम की लड़कियों की टीम ने अंबाला को 42–15 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। हरियाणा बास्केटबाल एसोसिएशन के सचिव श्रीपाल ने बताया कि तीन दिवसीय चैंपियनशिप में प्रदेश के सभी जिलों से लड़कों व लड़कियों की कुल 44 टीमें भाग ले रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन राज्य टीम के लिए किया जाएगा जो 4 से 11 जनवरी तक चेन्नई में होने वाली नेशनल बास्केटबाल चैंपियनशिप में भाग लेंगी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन जिला बास्केटबाल एसोसिएशन और हरियाणा राज्य बास्केटबाल एसोसिएशन संयुक्त रूप से कर रहे हैं। जिला स्तर पर सोनिया देवी की देखरेख में तीन दिन तक भीम स्टेडियम में यह आयोजन चलेगा। बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के लिए खाने-पीने की संपूर्ण व्यवस्था स्टेडियम परिसर में की गई है।
17 नवंबर के समापन समारोह में हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के उप-प्रधान राकेश मुख्य अतिथि होंगे जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. दीप्ति धर्माणी तथा डीन एवं डायरेक्टर सीबीएलयू प्रो. सुरेश मलिक शिरकत करेंगे।
ये रहे खेल परिणाम
सुबह के सत्र में लड़कों के तीन मुकाबले खेले गए
रेवाड़ी ने यमुनानगर को 53–31 से हराया।
करनाल ने फतेहाबाद को 44–14 से हराया।
पानीपत ने झज्जर को 72–58 से मात दी।