भिवानी। दिवाली के त्योहार पर रेलवे ने यात्रियों को समय से घर पहुंचाने के लिए प्लान तैयार किया है। इसके तहत त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष रेल सेवाओं का संचालन किया जा रहा है। इसके साथ ही रेलवे गाड़ियों में बोगी की संख्या बढ़ाई गई है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण ने बताया कि दीपावली, छठ पूजा, धनतेरस, भाईदूज के त्योहार पर रेलवे की ओर से विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इसमें भिवानी से जयपुर, रेवाड़ी, दिल्ली, मुंबई एवं अन्य प्रमुख स्टेशनों के लिए ट्रेनों को चलाया गया है। इसके साथ ही यात्रियों की संख्या को देखते हुए डिब्बों की अस्थायी बढ़ोतरी भी की गई है।
यात्रियों को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं हो इसके लिए स्टेशनों पर अतिरिक्त स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई है। टिकट के लिए विशेष काउंटर बनाए गए हैं। विशेष ट्रेनों के बारे में उद्घोषणा प्रणाली द्वारा लगातार उद्घोषणा की जा रही है। भीड़ को नियंत्रित करने हेतु आरपीएफ के जवान नियुक्त किए हैं। रेलवे द्वारा यात्रियों को संरक्षित एवं सुगम यात्रा उपलब्ध कराने के सभी प्रयास किए जा रहे हैं।
विशेष काउंटर बनाए
यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विशेष काउंटर बनाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए अतिरिक्त आरपीएफ की तैनाती की गई है। यात्रियों की संख्या के अनुसार अलग-अलग रूटों पर बोगियों की संख्या बढ़ाई गई हैं।
जयपुर-भिवानी-जयपुर एवं रेवाड़ी-रींगस-रेवाड़ी स्पेशल रेल सेवाओं का संचालन
रेलवे की ओर से त्योहार को देखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए जयपुर-भिवानी-जयपुर एवं रेवाड़ी-रींगस-रेवाड़ी स्पेशल रेल सेवाओं का संचालन किया जा रहा है। ट्रेन संख्या 09733, जयपुर-भिवानी स्पेशल रेल सेवा 1 नवंबर से शुरू होकर 30 नवंबर तक चलेगी। ये ट्रेन जयपुर से सुबह 7 बजे रवाना होकर दोपहर 2 बजकर 20 मिनट पर भिवानी पहुंचेगी। ये ट्रेन वापसी में ट्रेन संख्या 09734 भिवानी-जयपुर स्पेशल रेल सेवा 1 नवंबर से शुरू होकर 30 नवंबर तक भिवानी से सांय 4 बजकर 5 मिनट पर रवाना होकर रात 11 बजकर 15 मिनट पर जयपुर पहुंचेगी। यह रेल सेवा मार्ग में ढेहर का बालाजी, नींदर, चौमू सामोद, गोविंदगढ़ मलिकपुर, रींगस, श्रीमाधोपुर, कावंट, नीम का थाना, मांवडा, डाबला, निजामपुर, नारनौल, अटेली, कुंड, रेवाड़ी, कोसली, झाड़ली व चरखी दादरी स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इस रेल सेवा में 9 साधारण श्रेणी व 2 गार्ड सहित कुल 11 डिब्बे होंगे।