भिवानी। मुंढाल बस स्टैंड स्थित एक पुस्तक भंडार एवं मोबाइल दुकान में चोरों ने छत के रास्ते सेंधमारी कर हजारों के सामान पर हाथ साफ कर डाला। चोर छत तोड़कर अंदर घुसे और मोबाइल व अन्य सामान ले गए।
चोरी की वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई। हालांकि चोरों ने सीसीटीवी भी क्षतिग्रस्त कर डाले। चोरी की शिकायत मुंढाल पुलिस चौकी में दी। पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में मुंढाल खुर्द निवासी संजीव ने बताया कि उसकी बस स्टैंड पर आदर्श पुस्तक भंडार एवं मोबाइल शॉप के नाम से दुकान है। गत 27 अक्तूबर को रात आठ बजे वह अपनी दुकान बंद कर घर चला गया था। अगले दिन सुबह आठ बजे दुकान पर पहुंचा तो शटर खोलकर देखा तो अंदर सामान बिखरा पड़ा था।
उसकी दुकान में चोर छत तोड़कर अंदर घुसे। दुकान से चोर एलईडी, गल्ले से 1,500 रुपये, चार्जर, लीड, नेकबैंड सहित रिपेयर होने के लिए आए पुराने मोबाइल सहित अन्य सामान भी चोरी कर ले गए। चोर दुकान के अंदर लगे दो सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ गए। लेकिन डीवीआर तक नहीं पहुंच पाए। दुकानदार ने दुकान के अंदर लगे कैमरों की डीवीआर की फुटेज भी पुलिस को दी है। वहीं पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी है।
दो किसानों के खेत से फव्वारा सेट व कृषि उपकरण चोरी
भिवानी। भिवानी-लोहारू मुख्य मार्ग स्थित एसईडी स्कूल के समीप दो किसानों के खेतों से कृषि उपकरण एवं फव्वारा सेट चोरी हो गया। किसानों ने चोरी की शिकायत जूई कलां पुलिस थाना में दी। पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव ढाणी शंकर निवासी बाबूलाल ने बताया कि वह खेतीबाड़ी करता है। गत 27 अक्तूबर को उसके खेत से फव्वारा सेट चोरी हो गया। उसने फव्वारा सेट को संभालकर खेत में रखा था, लेकिन अगले दिन पहुंचा तो फव्वारा सेट गायब मिला। वहां पर पाइपों के टुकड़े और आरी ब्लेड भी पड़ा मिला था, जिससे की चोरों ने पाइपों को काटकर चोरी किया है। इसी तरह उसके खेत के पड़ोसी सुरेंद्र के भी फव्वारा सेट के सात एल्युमिनियम पाइप चोरी मिले। दोनों ही किसानों के खेत से चोरी हुए कृषि उपकरणों के संबंध में जूई कलां पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी।