भिवानी। जिला न्यायालय परिसर में शनिवार को आयोजित विशेष लोक अदालत में चेक बाउंस से संबंधित कई मामलों का आपसी सहमति से निपटारा किया गया। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के चेयरमैन एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश डीआर चालिया के निर्देशानुसार तथा सीजेएम-कम-सचिव पवन कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इस लोक अदालत में बड़ी संख्या में पक्षकारों ने भाग लेकर अपने मामलों का समाधान कराया।
सीजेएम-कम-सचिव पवन कुमार ने बताया कि विशेष लोक अदालत का उद्देश्य चेक बाउंस से संबंधित लंबित मामलों की संख्या को कम करना तथा पक्षकारों को लंबी और खर्चीली न्यायिक प्रक्रिया से राहत प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि न्यायिक अधिकारियों द्वारा दोनों पक्षों को समझौते के माध्यम से विवाद समाप्त करने के लिए प्रेरित किया गया जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए। उन्होंने बताया कि लोक अदालत के दौरान कई मामलों का मौके पर ही निपटारा किया गया। इससे पक्षकारों के समय और धन दोनों की बचत हुई तथा उन्हें शीघ्र न्याय मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ।