भिवानी। हरियाणा अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं विभाग में संसाधनों और कर्मचारियों की कमी के बावजूद भी अत्यधिक गर्मी के दौरान आग की घटनाओं पर काबू पाने में तत्परता दिखाई है। मई में अब तक जिलेभर में 150 से अधिक आग की घटनाओं की कॉल दमकल मुख्यालय में आ चुकी हैं, जिनमें अधिकांश में दमकल की गाड़ियों ने समय रहते आग पर काबू पाया है।
ज्यादातर खेतों में फसल अवशेष और कूड़े में आग लगाए जाने की घटनाएं हैं, जिससे पर्यावरण को भी भारी नुकसान हुआ है। जबकि कई गांवों में ईंधन व लकड़ियों की आग ने भी दमकल को खूब दौड़ाया। दमकल विभाग मुख्यालय पर हर चार घंटे में आग की एक सूचना मिली। इसी बीच दमकल की दो गाड़ियां कंडम भी हो गई हैं।
भिवानी जिले में 312 गांव है, जिनमें आग की कोई भी घटना पर दमकल की गाड़ी तत्काल पहुंचाना जरूरी है। इसके अलावा बड़ी आग की घटनाओं पर दूसरे जिलों में भी दमकल की गाड़ी भेजी जाती हैं। अगर दमकल बेड़े में संसाधनों की बात करें तो आठ दमकल की गाड़ियों पर 16 कर्मचारी हैं। जबकि सिवानी में दमकल की चार गाड़ियों पर 14 कर्मचारी ही हैं, इसी तरह लोहारू में एक दमकल पर छह कर्मचारी हैं। नियम के अनुसार एक दमकल पर छह कर्मचारी जरूरी हैं। अत्यधिक गर्मी के दौरान दमकल बेड़ा अलर्ट पर है।
आग बुझाने के साथ-साथ लोकसभा चुनावों के दौरान भी दमकल की अहम जगहों पर तैनाती दी गई है। मई के एक पखवाड़े में ही आग की 96 कॉल दर्ज की गई, ये पिछले कई सालों में सबसे अधिक रिकॉर्ड भी है, जबकि पिछले साल मई में केवल 35 आग की घटनाओं की सूचना दमकल को थी। इसी माह दमकल की दो गाड़ियां भी कंडम हो चुकी हैं। विभाग के पास एक रेस्क्यू और एक छोटी दमकल गाड़ी है जबकि छह बड़ी दमकल जिला मुख्यालय पर हैं।
ढाणी चांग के एक मकान में खाना बनाते समय लगी गैस सिलिंडर में आग
गांव ढाणी चांग स्थित एक मकान में वीरवार सुबह करीब दस बजे खाना बनाते समय गैस पाइप की लीकेज की वजह से सिलिंडर में आग लग गई। गांव ढाणी चांग निवासी हरकेश के मकान में वीरवार सुबह दस बजे खाना बनाते समय अचानक पाइप लीकेज के कारण गैस सिलिंडर में आग लग गई। गैस सिलिंडर में आग लगने के बाद परिवार के सभी सदस्य बाहर की तरफ दौड़ कर निकल गए। इसकी जानकारी पड़ोसियों को लगी तो उनमें भी हड़बड़ी मच गई। ग्रामीणों ने सिलिंडर की आग पर काबू पाने के लिए काफी प्रयास किया, मगर रसोई के अंदर काफी लपटें उठ रही थी, जिस वजह से अंदर जाना भी मुश्किल हो रहा था। काफी प्रयासों के बाद सिलिंडर की आग को शांत किया लेकिन तब तक अधिकांश घरेलू सामान जलकर नष्ट हो चुका था। हरकेश ने बताया कि आग की वजह से घरेलू सामान, कपड़े और अनाज भी नष्ट हो गया है। हरकेश ने बताया कि गैस सिलिंडर के पाइप में कुछ लीकेज हो गई थी, गनीमत रही कि सिलिंडर नहीं फटा अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
बावड़ीगेट पर खाली प्लाट के कूड़े में लगी आग
वीरवार सुबह बावड़ी गेट सरकुलर रोड स्थित एक खाली प्लाट के कूड़े में आग लग गई। धुआं उठता हुआ देख इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। दमकल की एक गाड़ी ने आग पर काफी देर तक पानी की बौछार की वहीं पुलिस को भी इसकी सूचना मिली। बता दें कि इनदिनों खाली प्लाट में पड़े कूड़े को भी आग के हवाले किया जा रहा है। इससे न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है बल्कि आसपास की संपत्ति पर भी आग का बड़ा खतरा मंडरा रहा है।
अत्यधिक गर्मी में आग की मई में सबसे अधिक घटनाएं सामने आई हैं। दमकल की गाड़ी हर सूचना पर समय से मौके पर पहुंची है। विभाग के कर्मचारियों को तीन शिफ्टों में अलर्ट पर रखा गया है। इस माह अब तक करीब डेढ़ सौ से अधिक आग की घटनाएं हो चुकी हैं।
-याशिन खान जिला दमकल अधिकारी भिवानी।