भिवानी। शहर के चौधरी बंसीलाल जिला नागरिक अस्पताल में जल्द ही डेंटल इंप्लांट सेंटर शुरू होगा जिससे दांतों के मरीजों को सस्ती और सुलभ इलाज की सुविधा मिल सकेगी। इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है।
अस्पताल प्रभारी डॉ. बलवान सिंह ने बताया कि सेंटर शुरू होने के बाद मरीजों को इंप्लांट के लिए निजी अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा। अभी तक मरीजों को इस सुविधा के लिए बाहर जाना पड़ता है जहां औसतन 50 से 70 हजार रुपये तक खर्च आता है जिसके कारण कई मरीज इलाज बीच में ही छोड़ देते हैं।
उन्होंने बताया कि सेंटर शुरू होने के बाद दंत रोग विशेषज्ञ की ओपीडी में ही मरीजों को इंप्लांट की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। डेंटल इंप्लांट टूटे या गायब दांतों की जगह कृत्रिम दांत लगाने की एक आधुनिक और स्थायी प्रक्रिया है। इसमें टाइटेनियम से बने एक छोटे पेंच को शल्य चिकित्सा के माध्यम से जबड़े की हड्डी में लगाया जाता है जो दांत की जड़ की तरह कार्य करता है।
इसके ऊपर कृत्रिम दांत (क्राउन) लगाया जाता है जो दिखने और चबाने में प्राकृतिक दांत जैसा होता है। डॉ. बलवान सिंह ने बताया कि यह प्रक्रिया लंबे समय तक टिकाऊ रहती है और इससे मरीज की चबाने की क्षमता और मुस्कान दोनों में सुधार होता है।