भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की दसवीं कक्षा के गणित विषय की परीक्षा में शनिवार को छह केस दर्ज किए गए। बोर्ड परीक्षाओं में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंधों की वजह से नकल के मामलों में लगातार कमी आई है।
बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. वीपी यादव ने बताया कि उनके उड़नदस्ते ने करनाल एवं पानीपत के परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। पानीपत के परीक्षा केंद्र एसडी कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पानीपत-22 में नकल का एक केस मिला। बोर्ड सचिव के उड़नदस्ते ने नूंह एवं फरीदाबाद के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। नूंह के परीक्षा केंद्र राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नूंह-03 पर नकल का एक केस पकड़ा गया।
डॉ. यादव ने बताया कि उपसचिव, संचालन के उड़नदस्ते ने भिवानी के परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। इसके अतिरिक्त जिला प्रश्नपत्र उड़नदस्ता, पलवल ने नकल के तीन और सोनीपत उड़नदस्ते ने नकल का एक केस दर्ज किया। उन्होंने बताया कि शनिवार को गणित विषय की परीक्षा में प्रदेशभर के 25 परीक्षा केंद्रों पर 2,934 परीक्षार्थी शामिल हुए। संवाद