चरखी दादरी। क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो बाइकों पर सवार छह लोग घायल हो गए। इनमें से तीन को गंभीर हालत के चलते प्राथमिक उपचार के बाद भिवानी रेफर किया गया है। पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है। एक सड़क हादसे में तो एक बाइक पर सवार परिवार के पांच सदस्य ही घायल हो गए।
बाइक सवार की लापरवाही पड़ी पूरे परिवार पर भारी
रविवार दोपहर वार्ड नंबर 18 निवासी परविंद्र अपनी मां प्रवीण, नानी कलावती व दो बेटियों रुपाली व अंशु के साथ अपनी बाइक पर सवार होकर कलियाणा जाने के लिए घर से निकला था। रविदास बस्ती से होते हुए जब वह लोहारू महेंद्रगढ़ चौक के बीच स्थित झोझू कलां कट पर पहुंचा तो महेंद्रगढ़ की तरफ से आ रही रोडवेज बस ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार पांचों सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में बस चालक व अन्य सवारियों ने उन्हें संभाला और उपचार के लिए दादरी के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां से चिकित्सकों ने परविंद्र व कलावती की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद भिवानी सिविल अस्पताल रेफर कर दिया। घटना का कारण बाइक सवार द्वारा सड़क पार करते समय सावधानी न बरतना बताया जा रहा है।
बाइकर्स के स्टैंट ने दांव पर लगाई एक जिंदगी
दूसरी घटना में दो बाइकों की भिड़ंत में नीमली निवासी नसीब गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे चिंताजनक हालत में प्राथमिक उपचार के बाद भिवानी रेफर किया गया है। पुलिस ने इस संबंध में दो अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को दिए बयान में घायल नसीब ने बताया कि शनिवार शाम वह बिरोहड़ से बाइक पर सवार होकर अपने गांव नीमली जा रहा था। बिरोहड़ से नीमी रोड़ सामने से तेज रफ्तार में आ रही बाइक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। घायल ने बताया कि सामने से आ रही बाइक का चालक हाथ छोड़कर स्टैंट करते हुए आ रहे थे। अचानक उस बाइक का चालक अपना संतुलन खो बैठा और उनकी बाइक सामने से आ रही बाइक से टकरा गई। राहगीरों ने घायल को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां से चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद भिवानी रेफर कर दिया। दूसरी बाइक पर सवार दोनों युवक घटना के बाद मौके से फरार हो गए।