बार-बार जागरूक करने और चेतावनी देने के बाद ट्रैफिक पुलिस और आरटीए विभाग की संयुक्त टीम ने ऑटो चालकों के खिलाफ अभियान चलाया और कागजात की जांच की। जांच के दौरान परमिट नहीं होने पर छह ऑटो इंपाउंड किए गए। वहीं कागजात पूरे नहीं होने पर 12 के चालान किए गए। अनेक वाहनों पर रिफ्लेक्टर पट्टी भी लगाई गई।
मंगलवार शाम के समय आरटीएम टीम ने एसआई सुभाष और ट्रैफिक पुलिस ने एसआई रामनिवास के नेतृत्व में संयुक्त टीम बनाकर ऑटो चालकों की जांच का अभियान चलाया। हांसी गेट चौक पर ऑटो रूकवा कर ऑटो के परमिट और कागजात की जांच की गई। जिससे ऑटो चालकों में हड़कंप मच गया। जिन ऑटो चालकों के कागजात नहीं थे या परमिट नहीं था, वे गलियों से भागते नजर आए। टीम ने जांच के दौरान छह ऑटो को परमिट नहीं होने पर इंपाउंड किया और 12 के कागजात पूरे नहीं होने पर चालान किए गए। इसके अलावा जिन ऑटो पर रिफ्लेक्टर पट्टी नहीं थे, उन पर रिफ्लेक्टर पट्टी लगाई गई। ट्रैक्टर-ट्रालियों पर भी रिफ्लेक्टर पट्टी लगाई गई और उन्हें ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक किया गया।