शहर में प्रदर्शन करने के बाद ज्ञापन साैंपते जन संगठनों से जुड़े सदस्य। संवाद
भिवानी। जनसंघर्ष समिति, बीएड काॅलेज के छात्र व भारत की जनवादी नौजवान सभा ने संयुक्त रूप से हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू) हिसार के विद्यार्थियों पर विश्वविद्यालय प्रशासन के सुरक्षा गार्डों द्वारा किए लाठीचार्ज का विरोध किया। इसके अलावा भिवानी के सरकारी बीएड कॉलेज को चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय (सीबीएलयू) में मर्ज करने के विरोध में शुक्रवार को लघु सचिवालय के सामने मौन प्रदर्शन किया। इसके बाद राज्यपाल व मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। उपायुक्त कार्यालय की तरफ से डीडीपीओ सुपरिंटेंडेंट राजकुमार जांगड़ा मांगपत्र लेने पहुंचे।
विभिन्न जनसंगठनों के पदाधिकारी लघु सचिवालय के सामने स्थित चौ. सुरेंद्र सिंह पार्क में एकत्रित हुए। इसके बाद सज्जन सिंगला, नरेश कुमार शर्मा व अनुराग की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
जनसंघर्ष समिति के संयोजक व सीपीआई एम के जिला सचिव ओमप्रकाश, रिटायर्ड कर्मचारी संघ के राज्य महासचिव रतन जिंदल, बीएड काॅलेज छात्र संघ के प्रतिनिधि अरविंद, युवा नेता अनुराग व सीबीएलयू छात्र नेता प्रवीन बूरा ने कहा कि एचएयू में जायज मांगों के लिए शांतिपूर्ण आंदोलनरत छात्रों पर यूनिवर्सिटी प्रशासन के निर्देश पर 10 जून को लाठीचार्ज किया है, जिसकी वे निंदा करते हैं। वहीं, सरकारी बीएड काॅलेज भिवानी के छात्रों की तरफ से मुख्यमंत्री के नाम मांगपत्र भेजकर कॉलेज के अस्तित्व को स्वतंत्र रखने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि बीएड कॉलेज को पूर्व मुख्यमंत्री चौ. बंसीलाल ने वर्ष 1973 में बनवाया था। उसे सरकार की योजना अनुसार सीबीएलयू में मर्ज न किया जाए। वर्ष 2015-16 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मर्ज का प्रस्ताव रद्द किया था। इस अवसर पर हिसार कृषि विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र नेता रामफल जाखड़, अध्यापक संघ के पूर्व प्रधान व वर्तमान रिटायर्ड कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष मास्टर वजीर सिंह, जिला अध्यक्ष राजबीर कादियान आदि मौजूद रहे।